गढ़ रोड पहुंचे अधिकारियों ने परिजनों को आश्वासन देकर समझाया
रविवार रात जन्मदिन पर केक काटने से पहले कर दी गई थी हत्या
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। भावनपुर थाना के गांव गोकलपुर में रविवार रात जन्मदिन पर मनीष की गोली मारकर एलानिया हत्या के बाद सोमवार को परिजनों ने मोर्चरी पर जमकर हंगामा किया। परिजन व ग्रामीणों ने पोस्टमार्टम के बाद शव गढ़ रोड पर रखकर जाम लगा दिया। उन्होंने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। जाम खुलवाने का प्रयास कर रहे पुलिसकर्मियों से परिजनों और ग्रामीणों की धक्का-मुक्की हुई। अधिकारियों ने 24 घंटे में आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन देकर पौन घंटे बाद जाम खुलवाया।
गोकलपुर गांव निवासी मनीष प्रजापति का रविवार को जन्मदिन था। रात के समय घर में केक काटने की तैयारी चल रही थी। तभी घर से बुलाकर मनीष की गर्दन में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। परिजनों ने दो माह पूर्व हुए झगड़े की रंजिश बताते हुए गांव के ही शिवम, हर्ष, दीपू उर्फ दीपांशु और एक अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। सोमवार को मोर्चरी पर मनीष के शव का पोस्टमार्टम हो रहा था तो परिजनों और ग्रामीणों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए हंगामा कर दिया। पुलिस ने उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन परिजनों ने दोपहर लगभग ढाई बजे पोस्टमार्टम के बाद शव गढ़ रोड पर रखकर जाम लगा दिया।
पुलिस ने जाम खुलवाने का प्रयास किया तो परिजनों की तीखी नोकझोंक हुई। इसी दौरान धक्का-मुक्की भी हुई। गंगानगर इंस्पेक्टर अनूप सिंह ने परिजनों को आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजन दोपहर लगभग सवा तीन बजे शव लेकर गांव की ओर रवाना हो गए। एसपी देहात राकेश कुमार मिश्रा का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई पुलिस टीम लगाई गई हैं। कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
-
तीन किमी लंबे जाम के कारण लोग हुए परेशान
हंगामे और जाम के दौरान सड़क पर दोनों ओर से आने वाले वाहनों की करीब तीन किमी लंबी कतारें लग गई। काफी देर तक पुलिस जाम खुलवाने के लिए जूझती रही, लेकिन ग्रामीण मानने को तैयार नहीं थे। इससे जाम में फंसे वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। जाम के दौरान गंगानगर, भावनपुर और पुलिस लाइन से फोर्स बुलाई गई।
-
बेहोश हुई मां, पुलिस पर आरोप
जाम के दौरान मनीष की मां सुमित्रा देवी बदहवास नजर आईं। बेटे को याद करते हुए वह रोते हुए बेहोश हो गईं। मौके पर मौजूद महिलाओं ने उन्हें किसी तरह संभाला। परिजनों का आरोप था कि आरोपी कई दिन से मनीष को हत्या की धमकी दे रही थे। थाने में इसकी शिकायत भी की थी, इसके बाद भी पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया।
-
दिनभर काली नदी चौकी पर मौजूद रहे अधिकारी
मनीष की हत्या के बाद पल-पल की जानकारी करने के लिए एसपी देहात राकेश कुमार मिश्रा और सीओ सदर देहात शिव प्रकाश काली नदी पुलिस चौकी पर ही मौजूद रहे। पोस्टमार्टम होने के बाद दोनों अधिकारी वापस लौट गए। पुलिस को पहले ही आशंका थी कि परिजन शव सड़क पर रखकर जाम लगाएंगे। इसके बावजूद पुलिस ने सतर्कता नहीं बरती। पुलिस के सामने ही परिजनों ने जाम लगा दिया। पुलिसकर्मी मूकदर्शक बने रहे।
-
एसएसपी ने परिजनों से की मुलाकात
एसएसपी डॉ. विपिन ताडा और सीओ सदर देहात शिव प्रकाश सिंह सोमवार सुबह मनीष के घर पहुंचे। उन्होंने परिजनों से घटना की जानकारी ली। एसएसपी ने आश्वासन दिया कि हत्यारोपपों की गिरफ्तारी के लिए चार टीमें गठित कर दी गईं हैं। गांव में शांति भंग होने की आशंका के चलते पुलिस बल तैनात किया गया है।
भावनपुर थाना के गोकलपुर निवासी युवक की हत्या के बाद एसएसपी पीडित परिजनो से जानकारी करते- फोटो : kathua