मुजफ्फरनगर में अनियंत्रित एंबुलेंस डिवाइडर से टकराने के कारण सवा माह के बच्चे के मुंह से ऑक्सीजन का पाइप हट गया, जिस कारण बच्चे की मौत हो गई। बच्चे को गोद में लेकर बैठी उसकी दादी भी घायल हो गईं। आरोप है कि एंबुलेंस चालक नशे में था, जिस कारण यह हादसा हुआ। मामले में बच्चे के पिता की तरफ से रतनपुरी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस जांच कर रही है।
मंसूरपुर क्षेत्र के गांव खानुपुर निवासी रोहित पुत्र कृष्णपाल ने थाने में तहरीर देकर बताया कि उसका सवा माह का बेटा बेबी बीमार चल रहा था। बच्चे को बेगराजपुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। वहां कई दिनों तक उपचार चलने के बाद भी हालत में सुधार नहीं हो रहा था। डॉक्टरों ने बच्चे को मेरठ रेफर किया था। डॉक्टरों ने मेडिकल कॉलेज के बाहर से ही प्राइवेट एंबुलेंस के माध्यम से बच्चे को मेरठ भिजवाया। रोहित का आरोप है कि एंबुलेंस चालक उस समय नशे में था। इसकी शिकायत डॉक्टर मोइन से की, लेकिन डॉक्टर ने उसी एंबुलेंस से बच्चे को मेरठ ले जाने को कहा।
यह भी पढ़ें: बिजनौर: जिला अस्पताल में नवजात शिशु की मौत पर हंगामा, टॉयलेट में हुई डिलीवरी
रविवार देर रात करीब साढ़े तीन बजे जब रोहित अपनी मां कमलेश के साथ बेटे को लेकर एंबुलेंस से मेरठ जा रहा था, तो हाइवे पर गांव रायपुर नंगली के निर्माणाधीन अंडरपास के निकट अस्थाई डिवाइडर से एंबुलेंस की टक्कर हो गई। अचानक झटका लगने से बच्चे के मुंह से ऑक्सीजन का पाइप हट गया और कुछ देर बाद ही उसकी मृत्यु हो गई। एंबुलेंस में सवार कमलेश भी घायल हो गईं। पीड़ित रोहित अपने बेटे और मां को संभालने में लग गया। तभी चालक उन्हें छोड़कर एंबुलेंस लेकर मौके से फरार हो गया। इसके बाद रोहित ने एंबुलेंस के अज्ञात चालक के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस एंबुलेंस चालक को तलाश करने में जुटी है।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/