मेरठ। वैशाली कालोनी की एक छात्रा का मनचले ने स्कूल जाना दुभर कर दिया है। युवक अपने दोस्त के साथ छात्रा का पीछा करते हुए बुधवार को उसके स्कूल तक जा पहुंचा। घबराई छात्रा स्कूल से बाहर नहीं निकली और परिजनों को बुला लिया। इसके बाद आरोपी युवक की धुनाई कर उसे पुलिस के हवाले कर दिया।
वैशाली कालोनी में रहने वाली छात्रा मेडिकल थाना क्षेत्र में जागृति विहार स्थित स्कूल में कक्षा 10 में पढ़ती है। स्कूल की छुट्टी के वक्त आरोपी अपने दोस्त के साथ स्कूल गेट पर मंडरा रहा था। छात्रा के स्कूल गेट से बाहर निकलते ही युवक ने उसे रोकना चाहा। इस पर वह घबरा कर वापस स्कूल चली गई। स्कूल प्रशासन को इस बारे में सूचना देने के बाद उन्होंने छात्रा के पिता को फोन किया। पिता अन्य लोगों के साथ स्कूल गेट पर पहुंचे और आरोपी की जमकर पिटाई की। बाद में मौके पर पहुंचे सिपाही आरोपी युवक को थाने ले आए। छात्रा के पिता ने बताया कि आरोपी अमित उर्फ शुभम उनके मकान के पास में ही रहता है और सब्जी बेचने का काम करता है। पूर्व में वह कई बार देर रात उनके मकान की डोर बेल बजाकर परेशान कर चुका है। यही नहीं एक बार मकान में घुसने के बाद उसे माफी देकर छोड़ दिया गया था। बावजूद इसके आरोपी युवक ने छात्रा का पीछा नहीं छोड़ा। एसओ मेडिकल ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है। पिता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।