मोदीपुरम। लंबे इंतजार के बाद सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के वेटनरी कॉलेज में प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई। मंगलवार को 60 सीटों के लिए 2500 अभ्यर्थियों को काउंसिलिंग के लिए बुलाया गया। सुबह से ही विवि में छात्रों की भीड़ लग गई।
विवि ने इस बार प्रदेश की संयुक्त कृषि एवं प्रौद्योगिकी प्रवेश परीक्षा कराई थी। इसकी काउंसिंलिग 25 जून से शुरू की थी। वेटनरी कॉलेज के छात्रों को भी बुलाया गया था, लेकिन वीसीआई की मान्यता न होने के कारण काउंसिलिंग स्थगित कर दी। केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान ने चार दिन पहले वीसीआई से मान्यता का पत्र विवि को सौंप दिया। रजिस्ट्रार डॉ. सीएस प्रसाद ने बताया कि काउसिंलिंग के लिए पीसीबी के 2500 अभ्यर्थियों को बुलाया गया था। पहले दिन भर प्रमाणपत्रों की जांच की गई। शाम को काउंसिलिंग शुरू हुई। 27 अक्तूबर को कॉलेज में शिक्षण कार्य शुरू हो जाएगा। फ्री और पेड सीट भर चुकी हैं। अन्य सीटों के लिए कांउसिंलिंग चल रही है।
इन सीटों के लिए हुई काउंसिलिंग
30 फ्री, 20 पेड, 10 एनआरआई की सीटें हैं। जनरल की 15 फ्री, पेड 10, ओबीसी की 8 फ्री, 6 पेड, एससी की छह फ्री, एसटी एक, एसी की चार पेड, एनआरआई पांच सीटें की काउंसिलिंग हुई।
वीसीआई से अनुमति मिलने के बाद काउंसिलिंग शुरू कराई गई है। अब शैक्षिक सत्र शुरू कर दिया जाएगा। कॉलेज के शुरू होने से विवि और क्षेत्र को नई दिशा मिलेगी। - डॉ. एचएस गौड़, कुलपति