मेरठ। एक युवक ने अपने भाई और दोस्त के साथ मिलकर युवती से गैंगरेप किया और खेत में फेंककर फरार हो गया। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। तीनों आरोपी पुलिस की पकड़ से दूर हैं।
भावनपुर थाना क्षेत्र निवासी 20 वर्षीय युवती ने एसएसपी को दिए प्रार्थनापत्र में बताया कि उसके माता-पिता नहीं हैं। परिवार में केवल छोटा भाई है। वह स्टेशनरी की मार्केटिंग कर किसी तरह गुजारा करती है। करीब छह माह पहले उसकी मुलाकात मार्केटिंग करने वाले शास्त्रीनगर निवासी नगीन गुप्ता से हुई थी। नगीन ने उसकी किसी अच्छी मार्केटिंग कंपनी में जॉब लगवाने की बात कही। बाद में खुद को कुंवारा बताते हुए उससे शादी करने का वादा किया। आरोप है कि झांसा देकर वह उसका यौन शोषण करता रहा। 11 अक्तूबर को वह नगीन के घर पहुंची, तो उसके शादीशुदा होने का पता चला। विरोध करने पर नगीन ने उससे मारपीट की। आरोप है कि 18 अक्तूबर की रात करीब 8.30 बजे नगीन ने उसे बच्चा पार्क स्थित एक रेस्टोरेंट में बुलाया। वह वहां पहुंची तो नगीन, उसका भाई आशू गुप्ता और निकी नाम का युवक मिले।
तीनों उसे बहला-फुसलाकर पल्लवपुरम से आगे एक खुले मकान में ले गए और नशीला पदार्थ सुंघाकर उससे गैंगरेप किया। जब उसे होश आया तो वह पास ही एक घास के मैदान में पड़ी थी। उसका मोबाइल और चेन गायब थी। किसी तरह वह अपने घर पहुंची। आरोप है कि अगले दिन नगीन ने उसे फोन कर धमकी दी कि हमने तेरी वीडियो क्लिप बना ली है। यदि पुलिस को बताया तो क्लिप को इंटरनेट पर डाल देंगे। एसएसपी के आदेश पर महिला थाने पर तीनों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। धारा 161 के बयान दर्ज कर मेडिकल परीक्षण कराया गया है। मंगलवार को कोर्ट में बयान दर्ज कराए जाएंगे।