मेरठ। कार चुराते सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए दोनों चोर सगे भाई हैं। उनकी पहचान भी स्पष्ट हो गई है। इसके बावजूद पुलिस दोनों को गिरफ्तार नहीं कर सकी है और कार का भी कुछ अता-पता नहीं है।
शास्त्रीनगर स्थित जे ब्लाक में कारोबारी एमके गुप्ता के मकान से शुक्रवार रात 12:58 बजे दो शातिर चोरों ने स्विफ्ट डिजायर कार और एक मोबाइल फोन चोरी कर लिया था। घर में घुसने से लेकर धक्का मारकर कार मकान से बाहर ले जाने तक की पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई। उनमें से एक चोर 2.34 बजे दोबारा आया और मेन गेट बंद करके चला गया था। एमके गुप्ता ने फुटेज निकलवाकर पुलिस को सौंप दी। फुटेज देखने के बाद पता चला है कि कार चुराने वाले दोनों सगे भाई हैं, जिनका नाम-पता मिल लिया है। एसओ नौचंदी विनोद कुमार सिंह का कहना है कि चोरों की गिरफ्तार के लिए टीम लगाई हैं, जल्द ही रिजल्ट सामने आएगा। कारोबारी की कार और मोबाइल सकुशल बरामद किया जाएगा।
दो दिन पहले की थी रेकी
कारोबारी के मकान की पिछली गली में रहने वाले लोगों ने सीसीटीवी फुटेज देखने के बाद बताया कि दो दिन पहले ये दोनों चोर कबाड़ी बनकर रद्दी खरीदने आए थे। तब इनके पास रेहड़ी थी। जाहिर है कि चोरी करने से पहले इन्होंने इलाके की रेकी की थी।
दो कारें और चुराईं
एमके गुप्ता के पड़ोस में ही रहने वाले शर्वेंद्र रस्तोगी के मकान संख्या जे 24 से भी 26 सितंबर को इसी अंदाज में आई 20 और होंडा सिटी कार चोरी की गई थी। होंडा सिटी मवाना रोड पर और आई 20 गढ़ रोड पर क्षतिग्रस्त हालत में खड़ी मिल गई थीं। इसके अलावा 28 सितंबर को खरबंदा जनरल स्टोर मालिक के मकान में भी चोर घुस थे, मगर सामान नहीं ले जा सके थे। उनके मकान में लगे सीसीटीवी की फुटेज में जो चेहरे कैद हुए, वे भी इन दोनों भाइयों के थे।
खुद ही कड़ी करेंगे सुरक्षा
लोगों का पुलिस से विश्वास उठ गया है। रविवार को शर्वेंद्र रस्तोगी के घर स्थानीय लोगों की मीटिंग हुई। इसमें कालोनी में गार्ड रखने और अपने स्तर से ही सुरक्षा कड़ी करने पर चर्चा हुई। इस दौरान पार्षद पंकज कतीरा, एमके गुप्ता, मनमोहन अग्रवाल, अनिल चोपड़ा आदि मौजूद रहे।