मेरठ। कुर्की की कार्रवाई से बचने के लिए एमडीए को सिर्फ दो दिन का समय मिलेगा। वजह यह कि सुप्रीम कोर्ट में एक सप्ताह (26 अक्तूबर तक) की छुट्टी हो गई है। ऐसे में एमडीए 27 अक्तूबर को ही एसएलपी दायर कर सकेगा। उधर, जिला जज ने 29 अक्तूबर को मामले के निस्तारण संबंधी सूचना कोर्ट में प्रस्तुत करने को कहा है।
वर्ष-1994 में एमडीए ने शताब्दीनगर में भवानी कंस्ट्रक्शन से आवासों का निर्माण कराया था। ठेकेदार का आरोप है कि काम कराने के बाद भी एमडीए ने उसे भुगतान नहीं किया। हाईकोर्ट के आदेश से 60 लाख के इस मामले में से 15 लाख रुपये तत्काल जमा करा दिए गए और बाकी रकम अदा करने को कहा गया। इसके लिए ठेकेदार के वकील उपेंद्र कुमार सिंघल ने जिला जज के यहां अपील कर दी। इस पर जिला एवं सत्र न्यायालय ने एमडीए कार्यालय भवन को मय फर्नीचर कुर्क करने के आदेश दिए हैं। इसके बाद शनिवार को वीसी राजेश कुमार ने पूरे मामले की जानकारी ली और संयुक्त सचिव बैजनाथ को पैरवी की जिम्मेदारी सौंपी। संयुक्त सचिव ने बताया कि आदेश की सत्य प्रतिलिपि हासिल कर ली गई है। सुप्रीम कोर्ट में छुट्टियां हो गई हैं। 27 अक्टूबर को सुप्रीम कोर्ट खुलते ही एसएलपी दायर की जाएगी।