मेरठ। लालकुर्ती थाना क्षेत्र में जीआईसी मैदान के सामने बाइक सवार युवकों ने लड़की से छेड़छाड़ की और खींचकर ले जाने की कोशिश की। लड़की के परिजनों ने विरोध किया, तो आरोपियों ने मारपीट और तोड़फोड़ कर दी।
जीआईसी मैदान के पास झोपड़ी में एक परिवार रहता है। शुक्रवार दोपहर परिवार की ही एक युवती सड़क किनारे खड़ी थी। तभी बाइक सवार दो युवक वहां पहुंचे। युवती से अश्लील छेड़छाड़ की और उसे खींचकर बाइक पर बैठाकर ले जाने लगे। खींचतान में युवती के कपड़े तक फट गए। शोर शराबा होने पर युवती की मां और अन्य पहुंच गए और छेड़छाड़ का विरोध किया। आरोप है कि युवकों ने युवती के परिजनों को पीटा और उनकी झोपड़ी में तोड़फोड़ भी की। एक राहगीर ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी, लेकिन 15 मिनट तक कोई पुलिसकर्मी नहीं पहुंचा। इसके चलते आरोपी युवक आराम से फरार हो गए। घटना के विरोध में युवती के परिजन और अन्य लोगों ने जमकर हंगामा किया। बाद में फैंटम सिपाही मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर शांत किया। इसके बाद पीड़ित की मां ने लालकुर्ती थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट में बाइक का नंबर यूपी15एएक्स-2598 लिखवाया गया है। एसओ लालकुर्ती विजय सिंह ने बताया कि बाइक नंबर के आधार पर आरोपियों की पहचान कराई जा रही है।