मेरठ। एमडीए ने टीपी नगर की शिफ्टिंग को अटकाकर आवास एवं विकास परिषद के प्लान को भी अटका दिया है। आवास-विकास की योजना के मुताबिक, शिफ्टिंग के बाद वह टीपी नगर को नया लुक देने की तैयारी किए बैठा है। लेकिन एमडीए अफसर अपनी योजनाओं की तरह आवास-विकास के काम में भी रोड़ा साबित हो रहे हैं।
यह है योजना:
बागपत रोड से दिल्ली रोड को जोड़ने वाला टीपी नगर का मुख्य मार्ग आवास-विकास की अहम योजनाओं में शामिल है। 45 मीटर चौड़ी इस सड़क पर अभी जाम के हालात बने रहते हैं। बेतरतीब खड़े ट्रकों और निर्माण सामग्री के ढेर ने इसकी हालत और बुरी कर रखी है। आवास विकास ने इसे डिवाइडर रोड में बदलने के साथ दोनों तरफ सर्विस रोड बनाने की योजना बनाई है। इसे तेजगढ़ी से हापुड़ रोड चुंगी तक के मार्ग जैसा लुक देने की तैयारी है। यह तभी संभव है, जब टीपी नगर की शिफ्टिंग हो जाए।
यह है परेशानी:
एमडीए को इसके विकास से कोई सरोकार नहीं नजर आ रहा है। टीपी नगर शिफ्ट हो जाए तो आवास-विकास यहां काम शुरू कर सकता है। हालांकि, आवास-विकास के अधीक्षण अभियंता उमेश मित्तल कहते हैं कि पुलिस की मदद से काम कराया जाएगा, लेकिन वह यह तर्क भी देते हैं कि यदि टीपी नगर शिफ्ट हो जाए तो काम कराने में आसानी होगी।
ट्रांसपोर्टर भी परेशान:
शिफ्टिंग अटकने से ट्रांसपोर्टर भी परेशान हैं। ट्रांसपोर्टर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष गौरव शर्मा कहते हैं कि यहां विकास की जरूरत है। मुख्य मार्ग चौड़ा होना चाहिए। भीतर की सड़कें भी बनाने की आवश्यकता है।