मेरठ। धार्मिक स्थल में लाउडस्पीकर बजाने पर हुए सांप्रदायिक तनाव के चलते शहर में भी पुलिस अलर्ट कर दी गई। लिसाड़ी गांव जाने वाले लोगों की तलाशी ली गई। शहर के मुख्य चौराहों पर भी पुलिस फोर्स लगाकर चेकिंग अभियान चलाया।
तनाव की सूचना पर कई लोग लिसाड़ीगेट से गांव की ओर जाने लगे। इसका पता चलते ही पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया। एसएसपी ने अलर्ट जारी करते हुए शहर के चौराहों पर पुलिस और पीएसी बल तैनात कर दी। रातभर चेकिंग करने का निर्देश दिया गया। एसपी सिटी ने माइक लेकर लिसाड़ी गांव में शांति व्यवस्था दोनों समुदाय के लोगाें से अपील की। वहीं, एसएसपी ओंकार सिंह और डीआईजी के. सत्यनारायणा ने देर रात अतिसंवेदनशील और संवदेनशील इलाके का निरीक्षण कर शहर के जिम्मेदार लोगों से शांति बनाने की बात कही।
1 मिटा दो यह दाग ः आईजी आलोक शर्मा ने गणमान्य लोगों से बात की तो उनका कहना था कि साहब इस गांव में दोनों समुदायों के लोग प्रेम पूर्वक रहते हैं। इस घटना से आपसी सौहार्द पर दाग लग गया। इस पर आईजी ने कहा कि यह तो छोटा सा दाग है। इसे अभी हाथ मिलाकर मिटा दो। महिला को लगी गोली निकाल ली गई है।
आईजी जाेन ने भी की शांति की अपील
मेरठ। लिसाड़ी गांव में बवाल की सूचना पर आईजी जोन आलोक शर्मा भी डीआईजी रेंज के. सत्यनारायणा के साथ पहुंचे। उन्होंने दोनों समुदायों के पार्षदों और गणमान्य लोगों के साथ बैठक की। दोनों समुदायों के लोगों ने कहा कि मामूली विवाद था, जो निपटा लिया गया। पार्षद हाजी मुहम्मद शाहिद, अमीरुद्दीन कुरैशी, नवाब पार्षद, दिलशाद, वार्ड सात लिसाड़ी के पार्षद उमाशंकर और भाजपा नेता डाॅ. चरण सिंह लिसाड़ी ने अमर उजाला के माध्यम से शांति की अपील की है। हिंदु-मुसलिम एकता मंच के महानगर अध्यक्ष अमीरुद्दीन कुरैशी ने सभी से शांति की अपील करते हुए कहा कि मामूली विवाद था। जिसे सभी की सहमति से सुलझा लिया गया है। पार्षद उमाशंकर ने भी सभी से शांति की अपील की।