मेरठ। आईजी जोन को बृहस्पतिवार सुबह सरप्राइज चेकिंग के दौरान शहर में किसी चौराहे और सड़क पर पुलिस नहीं मिली। इस पर उन्होंने अफसरों से पूछा कि क्या आज पुलिस छुट्टी पर है।
आईजी आलोक शर्मा मेडिकल इलाके में बुधवार को दिनदहाड़े हुई लाखों की लूट के बाद आज सुबह करीब दस बजे शहर में पुलिस की मौजूदगी की चेकिंग करने निकले। उन्होंने किसी भी प्वाइंट पर पुलिस नहीं मिलने पर वायरलेस सेट पर सभी थानेदारों और सीओ को तलब कर फटकार लगाई। वहीं, हर थाना क्षेत्र में ज्यादा से ज्यादा प्वाइंट पर ड्यूटी फिक्स कर पूरे दिन चेकिंग कराने के निर्देश दिए।
आईजी सुबह में शहर के दौरे पर निकले। उन्हें जेल चुंगी से लेकर शहर के हर प्रमुख चौराहे और सड़कों पर पुलिसकर्मियों के बजाए होमगार्ड ड्यूटी करते मिले। शहर के पुलिस अफसरों और थानेदारों से पूछा कि क्या आज पुलिस पर छुट्टी है। कहीं भी फैंटम पुलिस तक नहीं है। सारा शहर होमगार्ड के हवाले कर रखा है। आईजी के कड़े रुख के बाद प्रत्येक थानेदार और सीओ अपने थाना क्षेत्र में ड्यूटी प्वाइंट फिक्स करने में जुट गए।
शहर के हर थाना क्षेत्र को सेक्टर में बांटकर दरोगा और सिपाहियों की दोपहर में ही ड्यूटी लगा दी गई। निर्देश दिए कि रोजाना पूरे दिन सभी प्वाइंट्स पर चेकिंग कराई जाए। जिससे शहर में कोई अपराध हो तो बदमाशों को घेराबंदी करके पकड़ा जा सके। शहर के हर कोने में पुलिस की मौजूदगी दिखनी चाहिए। जिससे लोगों में सुरक्षा की भावना और बदमाशों में डर रहे।
तीन दिन में निपटा लें सांप्रदायिक विवाद
मेरठ। आईजी जोन आलोक शर्मा ने मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर और बागपत के एसएसपी/एसपी को निर्देश दिए हैं कि तीन दिन में सांप्रदायिक विवाद निपटा लें। उन्होंने मेरठ और बागपत पुलिस की पुलिसिंग में भी सुधार के निर्देश दिए हैं।
बृहस्पतिवार को मेरठ रेंज की बैठक में आईजी ने कहा कि शिवरात्रि और ईद के पर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए सभी अधिकारी तैयारियाें में जुट जाएं। जो भी विवाद चल रहे हैं, उनकी गहन समीक्षा कर समय से निस्तारण करा लें। दोनों समुदायों की धार्मिक संस्थाओं के पदाधिकारियों के साथ गोष्ठी करें। कांवड़ यात्रा के दौरान मिश्रित आबादी वाले संवेदनशील क्षेत्रों को चिह्नित कर लें। जो घटनाएं कानून-व्यवस्था को प्रभावित कर सकती हैं, उन पर पहले ही होमवर्क कर लिया जाए। आईजी ने कानून-व्यवस्था के अलावा विवेचनाओं और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के संबंध में मेरठ और बागपत पुलिस को सुधार लाने के निर्देश दिए।