मेरठ/कंकरखेड़ा। रोहटा रोड पर नाला सफाई करने पहुंचे कर्मचारियों पर जांच बैठा दी गई है। अन्य नालों की सफाई में लगी मशीनरी भी शक के घेरे में है। नगरायुक्त ने रोहटा रोड के सुपरवाइजर से जवाब तलब किया है।
मंगलवार को नगर निगम के कर्मचारी और ठेकेदार नाला सफाई करने के लिए जेसीबी लेकर रोहटा रोड पहुंचे थे। स्थानीय लोगों के मुताबिक कर्मचारी पूरे दिन छांव में सोते रहे और शाम पांच बजे नाले की सफाई शुरू की। जिस पर लोगों का गुस्सा भड़क उठा था। विरोध के चलते जेसीबी से नाले की सफाई नहीं हो पाई थी। बुधवार को पार्षदों ने यह मामला नगरायुक्त अब्दुल समद के सामने उठाया। जिस पर उन्होंने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच बैठा दी है। सवाल है कि आखिर पूरे दिन जेसीबी क्यों खड़ी रही। क्या जेसीबी न चलाने के पीछे तेल बचाने की थी रणनीति। इन सभी सवालों पर जांच की जाएगी। नगरायुक्त का कहना है कि अन्य नालों की सफाई की भी जांच कराई जाएगी। वहीं बुधवार को नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजवीर सिंह ने नाले का निरीक्षण किया। उन्होंने व्यापारियों से साफ कहा कि जब तक आप नाले पर डाले गए रैंप नहीं हटाएंगे सफाई ठीक नहीं हो सकती है। या तो खुद रैंप हटा लें, नहीं तो फोर्स बुलानी पड़ेगी। इस दौरान पार्षद परमानंद दया, समाज सेवी दुष्यंत रोहटा, दिनेश कुमार, देवेंद्र सिंह, जयराज सिंह, कुंवर पाल शर्मा, गुड्डू मलिक, नरेंद्र आदि मौजूद रहे।