मेरठ। फतेहउल्लापुर रोड मोमीननगर स्थित मदरसा दीन ए तालीम में शिक्षक का वेतन हड़पने का मामला सामने आया है। प्रबंधक ने इस भ्रष्टाचार को अंजाम देने के लिए बैंक में नीतू नाम से खाता खुलवाया और फोटो किसी इफ्फत का लगा दिया। तीन सदस्यीय कमेटी ने जांच की तो मामला पकड़ में आया।
मदरसा आधुनिकीकरण योजना के तहत मदरसों में शिक्षक रखे गए हैं। परास्नातक के साथ बीएड डिग्रीधारक को 12 हजार रुपये प्रतिमाह तनख्वाह मिलती है। मदरसा संचालकों ने इसमें भी खेल शुरू कर दिए हैं।
मदरसा दीन ए तालीम के प्रबंधक इश्तियाक ने मार्केंटाइल अरबन कोऑपरेटिव बैंक लिमिटेड शाखा किदवई नगर हापुड़ रोड पर शिक्षकों के खाते खुलवाए हैं। जांच में सामने आया है कि शिक्षिका नीतू शर्मा के नाम से खुलवाए गए खाते में इफ्फत खान का फोटो लगा है। इफ्फत को ही ट्रेनिंग आदि में भेजा जाता है।
ऐसे किया खेल
पहले तनख्वाह प्रबंधकों के खाते में आती थी पर शासनादेश के बाद अध्यापकों के बैंक खाते खुलने लगे। ऐसे में फर्जीवाड़ा कर खाता खुलवाया गया। इससे इस बात की भी आशंका सामने आ रही है कि यह खेल लंबे समय से चल रहा था। खाते न खुलवाए जाते तो यह मामला पकड़े में ही न आता।
आईडी की बजाय लगाया खुद का लेटर पैड
प्रबंधक इश्तियाक ने इस खाते में आईडी की जगह खुद के लेटर पैड पर बैंक को लिखकर दिया कि नीतू उनके मदरसे में टीचर है। उसका खाता खोला जाए। पैड पर नीतू की जगह इफ्फत का फोटो भी लगाकर उसे सत्यापित किया गया।
वर्जन
मामला मेरी जानकारी में है। फर्जी खाता खुलवाकर भ्रष्टाचार किया गया है। बैंक की क्या भूमिका है, इसकी जांच भी की जा रही है। इस मामले में जल्द ही कड़ी कार्रवाई होगी।
- एसएन पांडे, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी
बैंक की इसमें क्या गलती है? मदरसा प्रबंधक ने खुद अपने लैटर पैड पर सत्यापित कर खाता खुलवाया है। उसी ने फर्जी फोटो लगाया। हमने दूसरी आईडी मांगी तो नहीं दी हम तो इस खाते को सीज कर रहे हैं।
- मोहम्मद नासिर, मैनेजर, मार्केंटाइल अरबन कोऑपरेटिव बैंक लि., किदवई नगर
हां, मुझसे गलती हो गई है। बैंक वाले आईडी मांग रहे थे। मैंने सोचा ऐसा करके खाता खुलवा दिया जाए।
- इश्तियाक, प्रबंधक, मदरसा दीन ए तालीम