मेरठ। आवास विकास परिषद की जागृति विहार एक्सटेंशन योजना में आवेदन पत्र जमा करने का सोमवार को अंतिम दिन है। हालांकि अधिकारी आवेदन की तारीख एक माह और बढ़ाने का प्रस्ताव भेज चुके हैं, लेकिन अभी तक इस पर स्वीकृति नहीं मिली है।
जागृति विहार एक्सटेंशन योजना की तरफ लोग गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं। महंगे दाम और किसानों के विरोध ने इस योजना के प्रति लोगों को ज्यादा आकर्षित नहीं किया है। नौ लाख से लेकर 45 लाख रुपये से ज्यादा तक के फ्लैट योजना में हैं। लोगों का कहना है कि प्राइवेट बिल्डरों की कालोनियों में भी इतने ज्यादा दाम नहीं है, जबकि वहां सुविधाएं भी ज्यादा मिलती हैं। कोढ़ में खाज यह कि पूरी योजना शत प्रतिशत स्ववित्तपोषित है। यानी आवंटी की रकम से ही फ्लैट बनाएं जाएंगे। यही कारण है कि 1696 फ्लैट बनने हैं, पर आवेदन अभी 50 लोगों ने भी नहीं किया है। 28 अप्रैल को आवेदन पत्र जमा करने की अंतिम तारीख है। चार बैंकों से लोगों ने फार्म खरीदे हैं और वहीं जमा करने होंगे।
उधर, आवास विकास अधिकारियों ने आवेदन पत्र जमा करने की तारीख एक माह और बढ़ाने का प्रस्ताव शासन को भेजा है। अधीक्षण अभियंता उमेश मित्तल के मुताबिक फिलहाल प्रस्ताव मंजूर होकर नहीं आया है। ऐसे में जिसे आवेदन करना है वह 28 अप्रैल को कर दे।