मेरठ। महिला थाने में बुधवार सुबह पुलिस के सामने ही मां-बेटी को चाकू मारकर हमलावर फरार हो गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल ले जाने के बजाय डांटकर भगा दिया।
लिसाड़ीगेट थानाक्षेत्र के श्यामनगर गली नंबर तीन निवासी चांद की बेटी शाहीन की शादी 23 मार्च 2013 को नासिर से हुई थी। आरोप है कि तीन माह बाद से ही दहेज की खातिर ससुराल वाले शाहीन का उत्पीड़न करने लगे। मामला परिवार परामर्श केंद्र में चल रहा है। बुधवार को महिला पुलिस ने दोनों पक्षों को समझौते के लिए थाने बुलाया था।
आरोप है कि ससुरालियों ने शाहीन और उसकी मां नफीसा पर जानलेवा हमला कर दिया। दोनों के हाथ पर चाकू लगा। चांद को भी चोट आई। पीड़ित परिवार ने फोन कर मामले की जानकारी श्रम विभाग के सलाहकार मौ. अब्बास को दी। मौ. अब्बास ने अपने पीआरओ शरीफ मेवाती को मौके पर भेजा। शरीफ पीड़ित परिवार को लेकर सिविल लाइन थाने पहुंचे और रिपोर्ट दर्ज करवाई। सिविल लाइन इंस्पेक्टर अजय अग्रवाल ने बताया कि नासिर और उसके परिजनों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है।