मेरठ। कैंट बोर्ड को राजस्व दिए बगैर भवनों पर होर्डिंग से मोटी कमाई करने वाले कब्जेदारों पर बोर्ड शिकंजा कसेगा। सीईओ ने इस बाबत राजस्व विभाग को नोटिस जारी कर वसूली तेज करने के निर्देश दिए हैं।
छावनी क्षेत्र में अवैध तरीके से होर्डिंग लगाकर लाखों रुपये की वसूली करने वालों के खिलाफ सोमवार को अमर उजाला ने प्रमुखता से खबर प्रकाशित की थी। जिसका संज्ञान लेते हुए कैंट बोर्ड सीईओ ने राजस्व विभाग को तलब किया। सीईओ ने विभागीय कर्मचारियों को निर्देश दिए कि जो भी कब्जेदार बोर्ड को राजस्व दिए बगैर विज्ञापन लगा रहे हैं, उन्हें नोटिस जारी कर वसूली की जाए। जो कब्जेदार राजस्व न दे उसके खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। सीईओ डॉ. डीएन यादव ने बताया कि निश्चित तौर पर इससे बोर्ड की आय बढे़गी और वसूली सुनिश्चित कराई जाएगी। जो राजस्व अदा नहीं करेंगे उनके होर्डिंग हटाए जाएंगे।