मेरठ। पश्चिम उत्तर प्रदेश के बीएड अभ्यर्थियों को अब पूल काउंसिलिंग के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा। शिकायत और परेशानी को देखते विशेष सचिव के आदेश के बाद मेरठ में पूल काउंसिलिंग के दो सेंटर बना दिए गए हैं। देर शाम इसके लिए आदेश भी आ गया।
सीसीएसयू कैंपस स्थित सर छोटूराम इंस्टीट्यूट और जेपी इंस्टीट्यूट पूल काउंसिलिंग केंद्र बनाया गया है। गौरतलब है कि बीएड एंट्रेंस एग्जाम आयोजक गोरखपुर विश्वविद्यालय ने पूल काउंसिलिंग के कानपुर और गोरखपुर को सेंटर बनाया था। इससे पश्चिम उत्तर प्रदेश के अभ्यर्थियों को परेशानी हो रही थी। केंद्र बनाने की मांग और शिकायत विशेष सचिव के पास तक पहुंची। पश्चिम उत्तर प्रदेश निर्माण युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष डा. ज्ञानेंद्र शर्मा ने शासन से मेरठ में केंद्र बनाने की मांग की थी। शुक्रवार शाम को मेरठ और आगरा में केंद्र बनाने के आदेश जारी हुए। काउंसिलिंग समन्वयक डा. आयेंद्र कुमार शर्मा के मुताबिक शनिवार और रविवार को डॉक्यूमेंट्स वेरिफिकेशन का काम छोटूराम इंस्टीट्यूट और जेपी इंस्टीट्यूट में होगा। जिन अभ्यर्थियों ने रजिस्ट्रेशन करा रखा है, उनके डॉक्यूमेंट्स वेरिफाई होंगे। 500 रुपये का ड्राफ्ट और 51250 रुपये फीस जमा होगी। इसके बाद अभ्यर्थी खुद ऑनलाइन च्वॉइस लॉक कर सकेंगे।