मेरठ। भाजपा सांसद योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस को ललकारते हुए कहा कि भाजपा से नरेंद्र मोदी मैदान में आ गए हैं। कांग्रेस में दम है तो राहुल को भी मैदान में उतारे। शिवाजी जयंती पर यहां आए भाजपा सांसद ने केंद्र और यूपी सरकार को आतंकियों की सरकार बताया। उन्होंने कहा कि सपा सरकार आतंकी घटना में शामिल लोगों को छोड़ रही है तो केंद्र सरकार जम्मू कश्मीर में आतंकियों को बसा रही है।
सांसद राजेंद्र अग्रवाल के आवास पर शुक्रवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार लश्कर-ए-तैयबा व हिजबुल मुजाहिद्दीन में शामिल पाक आतंकियों को जम्मू-कश्मीर में बसा रही है। वहीं दर-दर की ठोकरें खा रहे कश्मीरी पंडितों के पुनर्वास के बारे में नहीं सोच रही है। ऐसा करके कांग्रेस आतंकवादियों का राजनीतिकरण कर रही है। यह देश की सुरक्षा से खिलवाड़ है।
उन्होंने नरेंद्र मोदी को भाजपा चुनाव अभियान समिति का अध्यक्ष बनाए जाने पर कहा कि निश्चित ही इससे भाजपा को फायदा होगा। आडवाणी और नरेंद्र मोदी के बीच मतभेद को उन्होंने नकार दिया। उन्होंने कहा कि आडवाणी सर्वमान्य नेता हैं। दूर दृष्टा भी हैं। वहीं मोदी के प्रति जनता में आकर्षण है। पार्टी में नरेंद्र मोदी और आडवाणी दोनों का महत्व है। मोदी की विचारधारा से हिंदुत्व के साथ ही विकास को आगे ले जाने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कांग्रेस को ललकारा कि दम है तो राहुल गांधी को मैदान में उतारे। कांग्रेस को औकात का पता चल जाएगा। इस अवसर पर सांसद राजेंद्र अग्रवाल, पूर्व मंत्री डॉ. यशवंत सिंह, जयकरण गुप्ता, अजय गुप्ता व संजय सिंह आदि मौजूद रहे।