मेरठ। संघ प्रमुख मोहन भागवत ने चुनावी साल में हरेक मुद्दे को छूने की कोशिश की। हिंदुत्व की धार तेज करते हुए उन्होंने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पशु कटान की समस्या पर भी चिंता जताई।
इससे पहले दिसंबर 2012 में मेरठ प्रवास के दौरान मोहन भागवत ने शताब्दी नगर में हिंदुत्व से ज्यादा संघ को मजबूत करने पर जोर दिया था। मगर इस बार अपने 55 मिनट के संबोधन मेें वे हिंदुत्व की लाइन पर ही रहे। शुरू में चीन और पाकिस्तान से खतरा जताने के बाद उन्होंने राष्ट्र सुरक्षा के प्रति चिंता जताई। इसके बाद हिंदुत्व के हरेक मुद्दे को छूते चले गए। उन्होंने कहा कि पशु कटान जारी है। गोहत्या हो रही है। फिर भी सरकार ध्यान नहीं दे रही है। कर्नाटक में भाजपा सरकार ने सख्त कानून बनाया मगर बाद वाली सरकार ने इसे बदल डाला। भागवत ने अपने संबोधन में कटाक्ष करते समय न तो कांग्रेस का नाम लिया और न ही किसी अन्य दल का। लेकिन हिंदुत्व की राह पर चलने वालों को मजबूत करने का आह्वान जरूर किया।
अध्यक्षता कर रहे नरेंद्र स्वरूप गुप्ता ने भी कहा कि जो सरकार जनता के आदर्शों पर खरी नहीं उतर रही हो उसे बदल देना चाहिए। मंच पर क्षेत्र संघचालक दर्शनलाल अरोड़ा, महानगर संघ चालक विनोद भारतीय, शिक्षा वर्ग के सर्वाधिकारी और उत्तराखंड के सहप्रांत संघचालक गजेंद्र सिंह भी मौजूद रहे।
नक्सली जानते हैं सिर्फ गोली की भाषा
संघ प्रमुख ने कहा कि सीमा पर ही नहीं देश के अंदर भी खतरा है। बंदूक के बल पर सत्ता हासिल करने की सोचने वाले नक्सली बोली की भाषा क्या समझेंगे। उनसे बात गोली से होनी चाहिए। इससे पहले उन्होंने कहा कि देश की सीमा सुरक्षित नहीं है। सरबजीत की हत्या कर पाकिस्तान घूम रहा है। चीन हमारी सीमा में घुस आया है। और हम उसे सबक सिखाने का साहस नहीं कर पा रहे हैं। हम राजनयिक दृष्टि से चूक कर रहे हैं। घुसपैठिए आ रहे हैं और स्वार्थ के कारण सरकार ध्यान नहीं दे रही है।
स्वयंसेवकों ने किया शक्ति प्रदर्शन
संघ शिक्षा वर्ग द्वितीय वर्ष के प्रशिक्षणार्थियों ने समापन के अवसर पर दंड भांजना, आसन का प्रदर्शन करते हुए मन मोह लिया। योग आसन में प्रशिक्षणार्थियों ने अपनी दक्षता का परिचय दिया। इस मौके पर कई भाजपा नेता भी मौजूद रहे। इसमें सांसद राजेंद्र अग्रवाल, विधायक सत्यप्रकाश अग्रवाल, दक्षिण विधायक रविंद्र भड़ाना, महानगर अध्यक्ष सुरेश जैन रितुराज, भाजपा किसान मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष विजयपाल तोमर, प्रदेश मंत्री अश्विनी त्यागी, महापौर हरिकांत अहलूवालिया, पूर्व महापौर सुशील गुर्जर, पूर्व जिलाध्यक्ष विमल शर्मा, विनीत अग्रवाल शारदा, नरेश गुर्जर, बिजेंद्र अग्रवाल, अजय गुप्ता के अलावा अजय मित्तल, संदीप पहल आदि शामिल रहे।
बारिश के कारण बदला कार्यक्रम
बारिश के कारण कार्यक्रम स्थल में बदलाव करना पड़ा। संघ के स्थानीय पदाधिकारियों ने सुबह भैसाली मैदान का निरीक्षण करने के बाद यह फैसला लिया। उसके बाद कार्यक्रम वेस्ट एंड रोड स्थित रंगमहल मंडप में किया गया।
आज गुरुकुल प्रभात आश्रम जाएंगे भागवत
संघ प्रमुख मोहन भागवत मंगलवार को गुरुकुल प्रभात आश्रम जाएंगे। वहां स्वामी विवेकानंद से मुलाकात के बाद दिल्ली रवाना हो जाएंगे। इससे पहले माधवकुंज में संघ शिक्षा वर्ग द्वितीय वर्ष के प्रशिक्षणार्थियों के बीच उनका दीक्षांत बौद्धिक होगा।