मेरठ/ मोदीपुरम। जिला सहकारी बैंक में 26 लाख की लूट के बाद भी मेरठ पुलिस सतर्क नहीं हुई। नतीजन 24 घंटे बाद ही मोदीपुरम हाईवे पर बैंक के बाहर रिटायर्ड फौजी की कार से पांच बदमाशाें ने दिनदहाडे़ आठ लाख रुपये उड़ा दिए। दंपति ने बदमाशाें को भागते देख शोर भी मचाया, लेकिन बदमाश फरार हो गए।
पल्लवपुरम फेस-2 मकान नंबर ओ-92 निवासी धर्मवीर सिंह (रिटायर्ड फौजी) अपनी पत्नी ममतेश के साथ मंगलवार दोपहर हाईवे स्थित एसबीआई की शाखा आए थे। उन्होंने बैंक के सामने ही अपनी मारुति जेन कार खड़ी की थी। उनकी कार में आठ लाख रुपये से भरा बैग रखा था। इसी दौरान दो बाइक पर सवार पांच बदमाश आए और कार का शीशा तोड़कर नोटों से भरा बैग उठा लिया। फौजी दंपति ने बदमाशों को बैग उठाते देखकर शोर मचाया, लेेकिन वे तेजी से भागने में कामयाब हो गए।
दंपति ने बताया कि एक प्लॉट का बैनामा करने के लिए सोमवार को उन्होंने पंजाब नेशनल बैंक और बैंक ऑफ बड़ौदा से चार-चार लाख रुपये निकाले थे। 20 हजार रुपये कम थे, जिन्हें निकालने के लिए आज एसबीआई आए थे। कार से आठ लाख उड़ाने की सूचना पर दौराला एसओ, पल्लवपुरम चौकी इंचार्ज मौके पर पहुंचे और छानबीन की। पुलिस ने तीन लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
20 हजार के चक्कर में गंवाए आठ लाख
फौजी दंपति आठ लाख रुपये कार में रखकर 20 हजार रुपये लेने एसबीआई में अंदर गए थे। वारदात के बाद उन्हें बहुत पछतावा हो रहा था। वारदात से लगता है कि कि बदमाशाें को पहले से ही कार में कैश होने की जानकारी थी।
वर्जन
चोरी में रिपोर्ट दर्ज की गई है। बदमाशों की तलाश जारी है। पुलिस हाईवे पर कार के शीशे तोड़कर बैग चोरी करने वाले गिरोह का जल्द भंडाफोड़ करेगी।
एमएम बेग, एसपी देहात