कंकरखेड़ा। जटौली गांव में बदमाशों ने एक बुजुर्ग महिला की हत्या कर दी। शव को एक कमरे में बंद करके फरार हो गए।
कंकरखेड़ा क्षेत्र के जटौली गांव निवासी संतरी (55) की शादी 35 साल पहले राजमल निवासी इंचौली से हुई थी। पति की मौत के बाद वह मायके में अकेली अपने पिता नानक के घर रहने लगी थी। सोमवार रात बदमाशों ने मकान में घुसकर संतरी की हत्या कर दी। मंगलवार सुबह नौ बजे भतीजा अनिल बुआ संतरी को बुलाने पहुंचा तो मकान में बाहर से कुंडी लगी थी।
दरवाजा खोलकर अनिल अंदर पहुंचा तो संतरी का शव जमीन पर पड़ा हुआ था। सिर से खून निकल रहा था। संतरी की मौत की जानकारी मिलते ही उसके तीन भाई नत्थन, बुद्धप्रकाश और सतबीर मौके पर पहुंचे। अनिल ने बताया कि संतरी के घर पर कुछ लोगों का आना-जाना था। सिर पर वार करके हत्या की गई है। उधर, मौके पर पहुंची एएसपी पूनम चौधरी ने बताया कि मामला संदिग्ध है।