मेरठ। नेशनल राइफल एसोसिएशन ऑफ इंडिया ने पाकिस्तान में 25 फरवरी से होने वाले साउथ एशियन चैंपियनशिप का टूर रद कर दिया। इसकी वजह आतंकी अफजल गुरु को फांसी देने के बाद पाक में भारत को लेकर बढ़े तनाव को माना जा रहा है। चैंपियनशिप में मेरठ के पांच खिलाड़ियों का चयन हुआ था।
नेशनल राइफल एसोसिएशन ऑफ इंडिया द्वारा जारी किए वर्ष 2013 में एक जनवरी से 31 मार्च 2013 के खेलों का शेड्यूल दिया गया है। जिसकी प्रति एसोसिएशन की वेबसाइट पर उपलब्ध है। 28 जनवरी से 6 फरवरी तक दिल्ली में हुए ट्रायल में मेरठ समेत देश भर के शूटर पहुंचे। चुने गए खिलाड़ी 25 फरवरी को पाकिस्तान में होने वाली साउथ एशियन चैंपियनशिप और 12 मार्च से मैक्सिको में हो रहे वर्ल्ड कप में खेलते।
शूटरों को वर्ल्ड कप की सूचना दी
25 फरवरी से पाक में चैंपियनशिप होनी थी। 9 फरवरी को संसद पर हमले के दोषी अफजल गुरु को फांसी दे दी गई। एसोसिएशन ने खिलाड़ियों को अभी तक पाक जाने की सूचना नहीं दी, जबकि मैक्सिको में होने वाला वर्ल्ड कप 12 मार्च से है, उसकी सूचना सभी खिलाड़ियों को दे दी गई है। नाम न बताने की शर्त पर एक शूटर ने बताया कि अफजल को फांसी देने के कारण टीम को नहीं भेजा जा रहा है। शूटर मोहम्मद अशब ने बताया कि पाक जाने के बारे में नहीं बताया गया, जबकि मैक्सिको जाने की जानकारी मिल गई है।
इनका हुआ था चयन
डबल ट्रैप शूटर मोहम्मद अशब, स्कीट सानिया शेख, स्कीट एडी पिपल, डबल ट्रैप शूटर अली बिन हादी,
स्कीट हमजा।
वर्जन
एसोसिएशन ने पाक में होेने वाली चैंपियनशिप का शेड्यूल जारी किया गया था, लेकिन सुरक्षा कारणों से इसे रद कर दिया गया है।
वेदपाल, प्रभारी जिला राइफल एसोसिएशन