मेरठ। नगर निगम पानी देता नहीं और जलकर ले रहा है। कई इलाकों में गंदगी पसरी है और स्ट्रीट लाइटें खराब पड़ी हैं। बुधवार को विभिन्न कॉलोनियों के लोगों ने अमर उजाला के सिटी जर्नलिस्ट कालम में अपनी इन समस्याओं को उठाया।
लखवाया में सप्लाई नहीं
राधेश्याम का कहना है कि गांव लखवाया में एक वर्ष पूर्व पानी की टंकी बनी थी। वहां चौकीदार भी रहता है, लेकिन टंकी से पानी की सप्लाई नहीं हो रही है। नगर निगम हाउस टैक्स में जलकर भेज रहा है।
साकेत में भरा पानी
आरपी सिंह का कहना है कि करीब एक माह से सीवर का गंदा पानी सड़कों पर बहने से कीड़े पनप रहे हैं। वहीं सेंट्रल मार्केट निवासी विनोद अरोरा ने कहा गलत पार्किंग करने पर कार्रवाई हो।
नहर गोदाम में टूटी सड़कें
नहर गोदाम कॉलोनी निवासी विवेक का कहना है कि टूटी सड़कें, फैली गंदगी, लगे कूड़े के ढेर और बहता गंदा पानी कॉलोनी की पहचान बन गया है। कॉलोनी में हर तरफ गंदगी का बुरा आलम है।
स्ट्रीट लाइटें खराब
सलीम पहलवान का कहना है कि एक माह से सभी स्ट्रीट लाइटें खराब हैं। वहीं, परतापुर हवाई पट्टी निवासी अशोक कुमार का कहना है कि यहां भी स्ट्रीट लाइटें खराब पड़ी है।
लखवाया गांव में जल निगम ने टंकी बनाई है। ये अभी नगर निगम को हैंडओवर नहीं की गई है। हाउस टैक्स में जलकर जुड़कर आ रहा है। इस मामले को देखकर उचित कार्रवाई की जाएगी।
- मईनुद्दीन, जलकल प्रभारी