मोदीपुरम। दुल्हैड़ा गांव में सोमवार को हाईटेंशन लाइन का तार टूट जाने से ईख में आग लग गई। फायर बिग्रेड कर्मियों ने ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया। हालांकि करीब 18 बीघा ईख फुंक चुकी थी।
दुल्हैड़ा गांव में रजवाहे के पास धनी सिंह पुत्र हरि सिंह की 15 बीघा ईख थी। इसमें सोमवार को हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर गिर गया। उससे उठी चिंगारी से खेत में आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि पड़ोसी रामपाल और उमेश के खेत को भी चपेट में ले लिया। इससे ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। पल्लवपुरम पुलिस और फायर बिग्रेड कर्मियों ने ग्रामीणों की सहायता से घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक तीनों किसानों की करीब 18 बीघा फसल फुंक चुकी थी। किसानों ने आग से कई लाख रुपये का नुकसान होना बताया है।