मेरठ। पैवेलियन एंड से बाहर निकलने पर दर्शकों ने जब सुरेश रैना को ऑटोग्राफ के लिए घेर लिया, तो पुलिस ने दर्शकों पर ही डंडे बरसा दिए।
दोपहर करीब दो बजे यूपी के कप्तान सुरेश रैना दिल्ली से आए मीडियाकर्मी से बातचीत करने के लिए गेट नंबर एक पर पहुंच गए। रैना को देखकर दर्शकों की भीड़ जुटने लगी। कुछ दर्शक दीवार पर चढ़ गए। जैसे ही रैना बात कर वापस पैवेलियन एंड की ओर जाने लगे, कुछ दर्शक ऑटोग्राफ लेने को दौड़ पड़े। दर्शक रैना के पास पहुंचते, उससे पहले ही पुलिस ने डंडे के बल पर दर्शकों को गेट के बाहर खदेड़ दिया।
जानकारों की मानें, तो नियम के मुताबिक प्लेइंग इलेवन के खिलाड़ी अंपायर से अनुमति लिए बगैर पैवेलियन से बाहर नहीं जा सकते। अगर इससे अव्यवस्था होती है, तो इसकी जिम्मेदारी टीम मैनेजमेंट और आयोजकों की है। वहीं, मेरठ जिला क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव युद्धवीर सिंह का कहना है कि खिलाड़ियों की जिम्मेदारी टीम मैनेजमेंट की है। हमारा काम सिर्फ बेहतर आयोजन कराना है।