मेरठ। ब्रह्मपुरी थाने में सोमवार को प्रेमी प्रेमिका ने एक दूसरे को जयमाला पहना दी। एक दूसरे के खिलाफ शिकायत करने वाले परिजनों ने बाद में मिठाई भी बांटी।
बागड़ियान मोहल्ले की ज्योति रविवार देर शाम लापता हो गई थी। परिजनों ने सोमवार को पड़ोसी नीरज पर आरोप लगाकर शिकायत दर्ज कराई। लोगों के थाने में हंगामा करने पर हरकत में आई पुलिस ने सोमवार को नीरज को हिरासत में ले लिया। नीरज ने ज्योति को अपने दोस्त के घर होना बताया। दबाव पड़ा तो नीरज के फोन करने पर ज्योति भी थाने पहुंच गई। इसकी सूचना पर दोनों के परिजन भी थाने पहुंच गए। नोकझोंक के बाद दोनों के परिजन शादी के लिए सहमत हो गए तो पुलिस ने उन्हें परिजनों के हवाले कर दिया। थाने में ही एक दूसरे को जयमाला पहना दी गई। एसओ के अनुसार यह दोनों परिवारों का व्यक्तिगत मामला था। पुलिस का इससे कोई लेना देना नहीं।