इंचौली। दीपावली की रात गोली लगने से घायल हुए युवक की मौत पर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने रविवार दोपहर मेरठ-कोटद्वार मार्ग पर जाम लगा दिया। एएसपी के आश्वासन पर लोगों ने जाम खोला।
गांव सिखेड़ा निवासी अमरीश पुत्र सतवीर परिवार के साथ दीपावली की शाम पटाखे छोड़ रहा था, तभी गांव के युवक ने अपने पिता और दो साथियों के साथ घर में घुसकर अमरीश पर गोली चला दी। अमरीश को गंभीर हालत में दिल्ली के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां शनिवार शाम उसकी मौत हो गई। अमरीश की मौत की खबर मिलते ही गांव में शोक छा गया। गुस्साए ग्रामीणों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर मेरठ कोटद्वार मार्ग पर जाम लगा दिया। मृतक की मां कुसुम और बहन राखी, आरती ने रोते हुए बताया कि नामजद आरोपी गांव में खुलेआम घूम रहे हैं। आरोप है कि दो दिन पूर्व भी आरोपियों ने उसके तहेरे भाई सोनू को मारने की कोशिश की थी। सूचना पर एएसपी राहुल चौधरी मौके पर पहुंचे। उन्होंने नामजद आरोपी फखरुद्दीन और कमरुद्दीन की 24 घंटे में गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। उन्होंने परिवार को सुरक्षा देने की बात कही।