मेरठ। रोडवेज बस के पहिये की चपेट में आने से एलआईसी ऑफिसर का पैर बुरी तरह कुचल गया। हादसे के बाद आक्रोशित लोगों ने चालक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए बस में तोड़फोड़ की और सड़क पर जाम लगा दिया। इस दौरान बस में आग लगाने की भी कोशिश हुई। पुलिस ने लोगों को शांत कराकर घायल को अस्पताल में भर्ती कराया।
शास्त्रीनगर 82/2 निवासी संजय शर्मा अलीगढ़ अतरौली में एलआईसी में अकाउंटेंट ऑफिसर हैं। शनिवार को संजय रोडवेज बस से घर लौट रहे थे। तेजगढ़ी से एल ब्लाक मार्ग स्थित आई ब्लाक मोड़ पर संजय जैसे ही बस से उतरने लगे तो बस चल पड़ी। बस का पहिया संजय के पैर पर चढ़ गया। एलआईसी ऑफिसर की चीख पुकार सुन चालक बस को छोड़कर फरार हो गया। चालक की लापरवाही को देख लोेगों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने बस में तोड़फोड़ करते हुए सड़क पर जाम लगा दिया। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पहुंची और घायल को शिवम नर्सिंग होम में भर्ती कराया। नौचंदी एसओ ने बताया कि बस को कब्जे में लेकर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
यात्रियों ने हंगामा किया
एलआईसी ऑफिसर के पैर कुचलने पर यात्रियों ने हंगामा करना शुरू कर दिया। घंटों तक यात्री दूसरी बस की इंतजार के लिए सड़क पर खड़े रहे। हादसे की जानकारी के बाद परिजन मौके पर पहुंचे। परिजनों ने बस चालक पर कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा किया।