कार की टक्कर से ट्रैक्टर-ट्राली सवार आठ घायल
सरधना। खिर्वा नौआबाद गांव के पास बुधवार रात एक कार ने ट्रैक्टर-ट्राली में पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर से ट्राली सवार महिलाएं सड़क पा जा गिरी। सड़क पर गिररी कार ने महिलाओं को कुचल दिया। घटना में आठ महिलाएं घायल हो गई। पुलिस व ग्रामीणों ने सभी को अस्पताल में भर्ती कराया। कानूनी कार्रवाई के लिए थाने में तहरीर नहीं दी गई है।
कोतवाली क्षेत्र टेहरकी गांव से अनुसूचित जाति की महिला पदमा, सोहनबीरी, रतना आदि खेतों पर मजदूरी के लिए जाती हैं। बुधवार को वह शोभापुर मजदूरी के लिए गईं थीं। रात करीब आठ बजे वह ट्रैक्टर-ट्राली में सवार होकर गांव वापस लौट रहीं थीं। खिर्वा नौआबाद गांव के निकट पीछे से तेज गति में आई कार ने ट्रैक्टर-ट्राली में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर से ट्राली में बैठी महिलाएं नीचे गिर गईं। नीचे गिरी महिलाओं में कार ने फिर से टक्कर मार दी। घटना में पदमा, सोहनबीरी, ओमकारी, रचना, सावित्री, आशा, अंकित आदि समेत करीब आठ लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंचे ग्रामीणों ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। महिला पद्मा की हालत गंभीर बताई गई है। जिसे मेरठ जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। वहीं घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। वहीं, इस मामले में थाने में तहरीर नहीं दी है।