- डीएम और एसएसपी ने थानों में चुनाव से संबंधित रजिस्टर की जांच की
- चुनाव तैयारी में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर होगी कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
मवाना। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर मंगलवार को डीएम व एसएसपी ने मवाना सर्किल के थाना प्रभारियों के साथ बैठक की। इसमें उन्होंने सभी थानों के चुनाव संबंधित रजिस्टर व शस्त्र जमा, आपराधिक रजिस्टरों की जांच की। जांच के दौरान मवाना अव्वल मिला तो फलावदा सबसे पीछे रहा।
डीएम अनिल ढींगरा व एसएसपी नितिन तिवारी मंगलवार को मवाना थाने पहुंचे। यहां फलावदा, बहसूमा, हस्तिनापुर के थानाध्यक्ष मौजूद थे। सभी ने अपने अपने थानों के रजिस्टर चेक कराएं। हस्तिनापुर के चुनाव रजिस्टर चेक करने के बाद एसएसपी ने कांस्टेबल पप्पू सिंह की पीठ थपथपाई और एक हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की। इसके बाद मवाना, बहसूमा व फलावदा के रजिस्टर चेक किए गए। निरीक्षण में मवाना अव्वल मिला, जबकि सभी रजिस्टर पूरा न करने में फलावदा फिसड्डी रहा। उन्होंने जल्द से जल्द रजिस्टर पूरा करने के निर्देश दिए। एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को जल्द से जल्द अवैध असलाह बनाने वाले व रखने वालों को चिह्नित कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके अलावा क्षेत्र में अवैध शराब का कारोबार करने वाले माफिया पर नकेल कसने की भी बात कहीं। उन्होंने मवाना थाने को 5, हस्तिनापुर को 4, बहसूमा को 3 हजार व फलावदा को पांच सौ रुपये देने की घोषणा की। तहसीलदार अशोक कुमार गुप्ता, सीओ मवाना यूएन मिश्रा, सीओ किठौर आलोक सिंह, संजय कुमार, धर्मेंद्र, रविंद्र कांबोज, पवन मलिक, विनोद, आदेश पुंडीर, सतेंद्र चौहान, सुनील कुमार, पप्पू सिंह, चमन भड़ाना आदि मौजूद रहे।
तस्करा डालने के दिए आदेश
लोकसभा चुनाव में लापरवाही बरतने वाले उड़नदस्ता अधिकारियों की खैर नहीं है। मंगलवार को मवाना थाने पहुंचे डीएम व एसएसपी ने आदेश जारी किए कि यदि कोई अधिकारी नहीं आता है तो जीडी में उसके खिलाफ तस्करा डालकर एसडीएम को रिपोर्ट सौंपे। उन्होंने कहा कि उन्हें शिकायत मिल रही है कि उड़न दस्ता में शामिल अधिकारी लापरवाही बरत रहे है।
बूथों का किया निरीक्षण
डीएम अनिल ढींगरा व एसएसपी नितिन तिवारी ने एलडी कॉलेज व एएस इंटर कॉलेज में पहचान पत्र नए मतदाताओं को बांटने वाले बीएलओ से बात की। साथ ही उन्होंने बूथों का निरीक्षण किया। इसके अलावा लक्ष्मी देवी कन्या डिग्री कॉलेज के पांचों बूथ, नगर पालिका के तीन, कृषक डिग्री कॉलेज के पांच बूथ, कृषक इंटर कॉलेज में पांच बूथ समेत 45 बूथों पर चुनाव के दौरान लाइव कास्टिंग की जाएगी।
सड़क पर उतरी पुलिस
मेरठ-पौड़ी मार्ग पर लगने वाला जाम जहां आम जनता के लिए नासूर बना हुआ है, वहीं पुलिस व तहसील अधिकारियों के लिए भी मुसीबत बना हुआ है। नगर में डीएम व एसएसपी के आने पर पुलिस को सड़क पर उतरना पड़ा। यहीं नहीं सीओ मवाना यूएन मिश्रा पुलिस बल के साथ गाड़ियों को निकलवाते नजर आए। अधिकारियों के जाने के बाद पुलिसकर्मियों ने राहत की सांस ली।
-------------
वर्जन....
नहीं रहेगी अव्यवस्था
चुनाव में किसी भी तरह की अव्यवस्था नहीं रहेगी। आपराधिक लोगों को चिह्ति कर मुचलकों में पाबंद किया जा रहा है। साथ ही शराब तस्करों व अवैध असलाह रखने वालों पर भी कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए सभी थानों के प्रभारियों को निर्देश दिए गए है। -नितिन तिवारी, एसएसपी मेरठ
रजिस्टर चेक किए
चुनाव के मद्देनजर मवाना, किठौर समेत कई जगहों पर बूथों का निरीक्षण व थाना प्रभारियों के साथ बैठक कर रजिस्टर चेक किए गए। सभी का कार्य संतोषजनक मिला। हालांकि जिनका कार्य अभी अधूरा है उन्हें जल्द कार्य पूरा करने के निर्देश दिए है। -अनिल ढींगरा, डीएम मेरठ