तीन माह में ही दोबारा बनने लगी सड़क
मेरठ। बिजली बंबा बाईपास की सड़क बनाने पर भले ही लाखों रुपये खर्च किए गए हो लेकिन सड़क तीन माह भी नहीं टिक पाई। सड़क पर बुधवार को दोबारा ठेकेदार ने काम शुरू किया।
दिल्ली रोड से हापुड़ रोड तक बिजली बंबा बाईपास का निर्माण तीन माह पहले पीडब्ल्यूडी ने कराया था। जिस पर लाखों रुपये खर्च किए गए लेकिन सड़क की गुणवत्ता ठीक नहीं रही। माना जा रहा है कि सड़क पांच साल तो क्या एक साल भी पूरा नहीं कर पाएगी। पिछले महीने पीडब्ल्यूडी ठेकेदार ने दिल्ली रोड से जुरानपुर फाटक तक बिजली बंबा मार्ग को कई स्थानों पर उखाड़कर ठीक किया। अब फिर से सड़क कई स्थानों से टूटनी शुरू हो गई है। हापुड़ रोड स्थित बिजली बंबा पुलिस चौकी से जुर्रानपुर के बीच लगभग आधा दर्जन स्थानों पर सड़क फट गई। बुधवार को पीडब्ल्यूडी के ठेकेदार ने बिजली बंबा पुलिस चौकी की तरफ से टूटी सड़क को उखाड़कर बनाने का काम शुरू किया। इस संबंध में पीडब्लूडी के अधिशासी अभियंता प्रताप सिंह का कहना है कि सड़क का कुछ हिस्सा खराब हो गया था। गारंटी समय में ठेकेदार को रखरखाव करना है। जो वह कर रहा है।