पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से 18-20 फरवरी को बारिश के आसार
बारिश के आसार
अमर उजाला ब्यूरो
मोदीपुरम। पश्चिमी विक्षोभ के असर से शनिवार को नम भरी हवाओं के चलने से मौसम सुहाना रहा। सुबह हल्की बारिश के बाद दोपहर को धूप निकली। मौसम विज्ञानियों के अनुसार हवाओं में नमी से दिन का पारा दो डिग्री गिरा है। हालांकि शुक्रवार की रात सीजन की सबसे गर्म रात रही। पारा 14 डिग्री तक पहुंच गया।
दो दिन तक रुक रुककर हुई बारिश के बाद शनिवार सुबह से सूर्य देवता बादलों में छिपे रहे। दोपहर बाद मौसम थोड़ा साफ हुआ। लेकिन हवाएं शांत रहीं। मौसम विज्ञान केंद्र पर अधिकतम तापमान 19.4 डिग्री व न्यूनतम तापमान 14.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। अधिकतम आर्द्रता 91 व न्यूनतम 63 प्रतिशत दर्ज की गई। मौसम कार्यालय पर बारिश .2 मिमी रिकॉर्ड की गई। मौसम वैज्ञानिक डॉ. एन. सुभाष का कहना है कि रविवार को मौसम साफ रहेगा। हवा भी शांत रहेगी। पहाड़ों पर फिर से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिसका असर वेस्ट यूपी में 18 से 20 फरवरी तक दिखाई देगा। मेरठ और आसपास में बारिश हो सकती है। अभी ठंड में उतार-चढ़ाव बना रहेगा।