मवाना। ग्राम भैंसा रोड स्थित एक कॉलोनी निवासी व्यक्ति के प्लॉट में चल रहे मोबाइल टावर निर्माण रुकवाने के लिए सोमवार को मोहल्ले के लोगों ने तहसील पहुंचकर हंगामा किया। आरोप है कि टावर लगने से लोगों को विभिन्न बीमारियों से जूझना पड़ेगा। उन्होंने तत्काल निर्माण रुकवाए जाने की मांग की।
नगर की नागर कॉलोनी निवासी यूनुस, आस मोहम्मद, नसीम, खुर्शीद, शमशुद्दीन, नईम, शबाना, नफीस, परवेज, सलीम आदि ने बताया कि उनके मोहल्ले का एक व्यक्ति अपने प्लाट में मोबाइल टावर लगवा रहा है। जिसके चलते मोहल्ले के लोगों को बीमारी से ग्रस्त होने की आशंका है। उन्होंने कहा कि पूर्व में लोगों के विरोध पर निर्माण रुकवा दिया। अब कार्य दोबारा शुरू कर दिया है। तहसील पहुंचे लोगों ने निर्माण रुकवाए जाने की मांग को लेकर हंगामा किया। हालांकि इस दौरान एसडीएम मवाना उन्हें नहीं मिले। जिस पर लोग स्टेनो को ज्ञापन सौंपकर लौट गए। एसडीएम मवाना अंकुर श्रीवास्तव ने बताया कि मामले की जांच कराई जाएगी।