संग्रह अमीन संघ का प्रतिनिधिमंडल डीएम मिला, सकुशल बरामदगी की मांग की
डीएम ने एसएसपी से वार्ता कर जल्द ही सफलता मिलने का आश्वासन दिया
अमर उजाला ब्यूरो
सरधना। सरधना तहसील से सोमवार को लापता हुआ मवाना निवासी संग्रह अमीन अजय गुप्ता का बुधवार को भी सुराग नहीं लग सका। इसके विरोध में जिले भर के संग्रह अमीन तहसील की तालाबंदी कर धरने पर बैठ गए। वहीं, संग्रह अमीन संघ के जिलाध्यक्ष चंद्रप्रकाश व जिलामंत्री प्रदीप कुमार के नेतृत्व में तीनों तहसीलों के संग्रह अमीनों का एक प्रतिनिधिमंडल डीएम अनिल ढींगरा से मिला और सकुशल बरामदगी की मांग की। इस पर डीएम ने एसएसपी अखिलेश कुमार से बात करके जल्द ही मामले में सफलता मिलने का आश्वासन दिया। इस दौरान पुलिस ने तहसील में भी सर्च अभियान चलाया।
तहसील से बीते सोमवार को लापता हुए संग्रह अमीन का बुधवार को भी सुराग नहीं लग सका। इसके विरोध में जिला एवं मवाना-मेरठ व सरधना तहसील के संग्रह अमीन तहसील की तालाबंदी कर धरने पर बैठ गए। इस दौरान कुछ संग्रह अमीनों ने तहसीलदार के खिलाफ भी नारेबाजी की। उन्होंने तहसीलदार पर काम का दबाव बनाने का आरोप लगाते हुए उन्हें हटाने की मांग की। वहीं, पुलिस द्वारा लापता अमीन अजय गुप्ता की तलाश में तहसील परिसर में सर्च अभियान चलाया गया परंतु सफलता नहीं मिल सकी। फिलहाल पुलिस हर बिंदु पर बारीकी से जांच कर रही है। एसडीएम अमित कुमार भारतीय, सीओ संतोष कुमार, तहसीलदार अवनीश कुमार, इंस्पेक्टर प्रशांत कपिल ने अमीनों और लापता अमीन के परिजनों से बातचीत कर बरामदगी की आश्वासन दिया। इस संबंध में एसडीएम अमित कुमार एवं इंस्पेक्टर प्रशांत कपिल का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही लापता अमीन को बरामद कर लिया जाएगा। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली। वहीं, तहसील रोड पर लगे कैमरे में वह नजर नहीं आया। हालांकि तहसील में लगे सीसीटीवी कैमरे की रिकार्डिंग बंद होने से ज्यादा जानकारी नहीं मिल सकी। धरनास्थल पर जिलेभर के पदाधिकारी मौजूद रहे। जिसमें मवाना तहसील अध्यक्ष कुणाल गौतम, मंत्री प्रमोद चौधरी, मेरठ तहसील अध्यक्ष योगेंद्र प्रताप सिंह, प्रदीप कौशिक, सुभाषचंद चावरिया, मनोज कुमार, नफीस अहमद, राज गिरि, देवी सिंह, राज सिंह, सुनील कुमार, राकेश शर्मा आदि रहे।
प्रगति बार एसोसिएशन ने दिया समर्थन
प्रगति बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने धरनास्थल पर पहुंचकर अमीनों को समर्थन दिया। यहां पर ऐलान किया कि जब तक अमीन का पता नहीं चल जाता वे राजस्व न्यायालय के कार्यों से विरत रहेंगे।
कर्मचारी से रुपये उधार लिये थे
तहसील मुख्यालय से बीती 31 दिसंबर को संदिग्ध हालात में लापता हुए 55 वर्षीय अजय गुप्ता को लेकर तमाम चर्र्चाएं हैं। पुलिस-प्रशासन लापता संग्रह अमीन अजय गुप्ता की बरामदगी को लेकर तमाम प्रयास कर रहा है। पुलिस जांच में आया है कि अजय गुप्ता ने लापता होने से पूर्व तहसील के ही कर्मचारी से दो सौ रुपये उधार लिये थे। इतना ही नहीं उन्होंने वसूली के करीब 11 हजार रुपये बैंक में जमा किए थे। वहीं, इंस्पेक्टर प्रशांत कपिल का कहना है कि इस मामले जल्द सफलता मिलने की उम्मीद है।