मेरठ। छेड़छाड़ के विरोध में सरधना में छात्रा को जलाने के प्रकरण में बृहस्पतिवार को चौधरी चरण सिंह यूनिवर्सिटी कैंपस में छात्र-छात्राओं ने मानव शृंखला बनाकर छात्रा के लिए इंसाफ मांगा। सेंट्रल लाइब्रेरी के बाहर एकत्र हुए छात्र-छात्राओं ने घटना पर विरोध जताते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त से कार्रवाई किए जाने की मांग की।
छात्रों ने कहा कि इस तरह की घटना बेहद शर्मसार करने वाली है। इस दौरान छात्रों ने हाथों में पोस्टर और पंफलेट लहराए। कहा कि ऐसा कृत्य समाज के कुरूप चेहरे को उजागर करता है। प्रशासन को ऐसा करने वालों के खिलाफ ऐसी सख्ती करनी चाहिए कि भविष्य में कोई ऐसा करने की सोच न सके। छात्राओं ने लड़कियों के साथ होने वाले अपराध पर कानून में बदलाव की मांग की। इस मौके पर सपा नेता अतुल प्रधान, विपिन भड़ाना, योगेश मोरल, अनमोल प्रधान, आदेश प्रधान, अतुल भड़ाना, सुमित लोहिया, यतेंद्र खेड़ी, अंशुल आदि मौजूद रहे।
पुलिस नहीं कर रही सही कार्रवाई
मेरठ। अखिल भरतीय भ्रष्टाचार उन्मूलन परिषद के पदाधिकारियों का प्रतिनिधिमंडल जिला अधिकारी से मिला। जिलाध्यक्ष गिरीश शर्मा ने कहा कि सरधना में छात्रा को जलाने के मामले में पुलिस सही कार्रवाई नही कर रही है। इस दौरान ताराचंद गोयल, सतवीर त्यागी, जगदीश शर्मा, अमन खीरी, प्रवीन शर्मा, संगीता जहां, रेशमा आदि मौजूद रहे। वहीं, सपा के युवा नेता सलीम सिद्दीकी के आवास पर छात्रा की सलामती के लिये दुआ की गयी। सलीम ने कहा कि आरोपियों पर पुलिस सख्त कार्रवाई करे। इस दौरान कसीम, फातमा, हिना, हुमैरा, तबस्सुम अदीना आदि मौजूद रहे।
पीड़िता से मिली आयोग की टीम
मेरठ। सरधना की पीड़ित छात्रा से राज्य महिला आयोग की टीम ने मुलाकात की। राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन विमला बाथम के साथ आयोग की सदस्य राखी त्यागी व अवनी सिंह ने सफदरजंग अस्पताल दिल्ली में आईसीयू में भर्ती सरधना पीड़िता व गाजियाबाद की संजय नगर निवासी महिला जिसके ऊपर तेजाब फेंका गया, दोनों से मिलने पहुंचीं। परिवार को ढांढस बंधाया व आरोपियों को जल्द से जल्द कठोर सजा दिलवाने का आश्वासन दिया।
खास बातें:
सीसीएसयू में सेंट्रल लाइब्रेरी के बाहर एकत्र हुए छात्र-छात्राएं