पीएफ आयुक्त करेंगे समस्याओं का निस्तारण
मेरठ। प्राइवेट संस्थाओं के कर्मचारी और पेंशनर्स से निधि आयुक्त अब सीधे रूबरू होंगे। इसके लिए प्रत्येक माह की 10 तारीख को निधि आपके निकट कार्यक्रम का आयोजन होगा। इसमें कोई भी नौकरी पेशा या रिटायर कर्मचारी अपनी समस्या लेकर पीएफ ऑफिस जा सकता है।
निजी संस्थान में नौकरी करने वाले लोगों को अक्सर अपने फंड और पेंशन को लेकर काफी दिक्कतें होती हैं। वहीं निजी फर्म के मालिकों की भी कई शिकायतें होती हैं। इन समस्याओं के समाधान के लिए अब हर महीने की 10 तारीख को क्षेत्रीय भविष्य निधि कार्यालय पर निधि आपके निकट कार्यक्रम का आयोजन होगा। इसमें खुद क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त अपने दो सहायक आयुक्तों के साथ उनकी समस्याओं का समाधान करेंगे। क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त सूरज शर्मा ने बताया कि इस कार्यक्रम की शुरुआत 10 अगस्त से होगी। मेरठ कार्यालय में मेरठ, बागपत, हापुड़, मुजफ्फरनगर, गाजियाबाद, सहारनपुर, शामली, बुलंदहशहर और बिजनौर जनपद के कर्मियों की सुनवाई होगी।
किस समय किसकी सुनवाई
प्रात:10:30 से दोपहर 1 बजे तक अंशधारक कर्मी, पेंशनर्स
शाम 3 से 5 बजे तक नियोक्ता, फर्म के प्रबंधक आदि
दोपहर 1 से 5 बजे तक छूट प्राप्त प्रतिष्ठानों की समस्याओं का निस्तारण