डीएवी मंसूरपुर व मेरठ कैंट क्लब की मैच जीते
मेरठ। भामाशाह मैदान पर खेली जा रही फनगेज क्रिकेट लीग में मंगलवार को पहला मुकाबला डीएवी एकेडमी मंसूरपुर व वी3जी क्रिकेट क्लब के बीच खेला गया। टॉस जीतकर डीएवी की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 40 ओवर में 280 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी वी3जी क्रिकेट क्लब की टीम 37 ओवर में 237 रन पर ऑलाउट हो गई। दूसरा मुकाबला हरि सिंह क्रिकेट क्लब टीम ए व मेरठ कैंट क्रिकेट क्लब के बीच हुआ। टॉस जीतकर हरिसिंह की टीम ने बल्लेबाजी करते हुए 34 ओवर में 184 रन बनाए। इसमें सर्वाधिक हिमांशु चावला ने आठ चौके व चार छक्कों की मदद से 98 रन बनाए। वहीं संजीव सिंह ने चार चौके की मदद से 37 रन बनाए। वहीं कृतज्ञ कुमार ने चार व सुनील कुमार ने दो विकेट लिए। स्कोर चेस करने उतरी मेरठ कैंट क्रिकेट क्लब की टीम ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 19.1 ओवर में 187 रन बनाकर मैच जीत लिया। मैच में पंकज कुमार ने पांच छक्के व तीन चौकों की मदद से 53 रन व चार चौके व तीन छक्कों की मदद से 45 रनों का योगदान दिया। वहीं सोनू राठी ने दो विकेट लिए।
वहीं करन पब्लिक स्कूल के मैदान पर चल रही समर क्रिकेट लीग में अंडर-15 से 19 वर्ग के खिलाड़ियों का मंगलवार को फाइनल मुकाबला आरआर एकेडमी ने जीता। फाइनल मैच आरआर एकेडमी व एसएस क्रिकेट एकेडमी के बीच हुआ। टॉस जीतकर एसएस की टीम ने बल्लेबाजी करते हुए 24.4 ओवर में 176 रन का स्कोर खड़ा किया। इसमें हर्ष ने 38 व अब्दुल्ला ने 32 व जीशान ने 31 व आदित्य ने 29 रन का योगदान दिया। वहीं आकाश ने तीन, तनिष्क, कुनाल ने दो-दो विकेट लिए। वहीं आरआर एकेडमी की टीम ने 22.5 ओवर में आठ विकेट खोकर 177 रन बनाकर मैच पर जीत दर्ज की। विनीत ने 50, शहरोज ने 44 व आकाश ने 38 रन बनाए। दक्ष, जीशान व मुनीर ने दो- दो विकेट लिए। विजेता आरआर की टीम को ट्राफी देकर सम्मानित किया गया। आयोजन सचिव अतहर अली ने बताया कि एक जुलाई को समर लीग में प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।
खास बातें
भामाशाह पार्क पर चल रही फनगेज क्रिकेट लीग