दरोगा बनने के लिए पहले दिन 136 अभ्यर्थी पास
मेरठ। उत्तर प्रदेश पुलिस में एसआई बनने के लिए अभ्यर्थियों की नापतौल शुक्रवार से पुलिस लाइन में शुरू हो गई। प्रदेश में मेरठ समेत आठ स्थानों पर सेंटर बनाए गए हैं। इस दौरान अभ्यर्थियों के अभिलेखों का परीक्षण भी किया गया।
नोडल अधिकारी/एसपी ट्रैफिक संजीव बाजपेयी ने बताया कि शुक्रवार को पहले दिन 151 अभ्यर्थियों को बुलाया गया था। जिनमें से 137 अभ्यर्थी पहुंचे। लंबाई, सीने की चौड़ाई और अभिलेख सत्यापन में सभी पास हो गए। बॉयोमेट्रिक से एक अभ्यर्थी का फोटो मिलान नहीं हुआ। जिसको संदेह मानते हुए रिपोर्ट भर्ती बोर्ड उत्तर प्रदेश को भेजी गई है। 29 जून तक अभ्यर्थियों के अभिलेखों का सत्यापन व नापतौल की जाएगी। वहीं अभ्यर्थियों का कहना है कि नापतौल के बाद जल्द ही दौड़ की प्रक्रिया भी शुरू हो जाएगी। सब कुछ ठीक होने के बाद उनका दरोगा बनने का सपना भी पूरा हो जाएगा।