मेरठ। दिल्ली से पटना जा रही संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस (12394) शनिवार शाम गाजियाबाद में कोटगांव फाटक के पास पटरी से उतर गई। जिसके कारण दिल्ली-मेरठ रेल मार्ग भी प्रभावित हो गया। हालांकि रेलवे अधिकारियों ने सूझबूझ से एक्सप्रेस ट्रेनों को प्रभावित नहीं होने दिया। केवल दो पैसेंजर ट्रेनें ही प्रभावित हुई। रेल यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
मेरठ-दिल्ली के बीच शटल ट्रेन चलती है। जिसमें अधिकांश दैनिक यात्री यात्रा करते हैं। संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस की बोगी पटरी से उतरने के कारण शटल को भी गाजियाबाद में ही कई घंटे रोकना पड़ा। मेरठ सिटी स्टेशन पर शटल पहुंचने का समय रात्रि आठ बजे है। लेकिन यह ट्रेन देर रात्रि तक भी नहीं पहुंची। इसके अलावा नई दिल्ली से ऋषिकेश जाने वाली पैसेंजर ट्रेन भी गाजियाबाद में ही प्रभावित हो गयी। दोनों ही ट्रेनों के यात्रियों ने जहां बसों से यात्रा की, वहीं कुछ देर रात्रि में रेल मार्ग साफ होने के बाद मेरठ पहुंच पाए। इस संबंध में स्टेशन अधीक्षक आरपी शर्मा ने बताया कि रेल यातायात मध्य रात्रि तक सुचारु हो पाया है।