मेरठ। शहर में जगह-जगह पाइप लाइन से गंदा और कीड़े युक्त पानी आ रहा है। जनता नगर निगम में शिकायतें करते थक चुकी है। लेकिन कहीं सुनवाई नहीं हो रही है। जलकल विभाग के अधिकारी व कर्मचारी समस्या का समाधान करने को ही तैयार नहीं हैं।
बुधवार को माधवपुरम सेक्टर एक में पाइप लाइन से गंदा पानी और सीवर वाले कीड़े आने का मामला उजागर हुआ। परिवार की महिला ने नगर निगम के कई अधिकारियों से शिकायत की। लेकिन देर शाम तक किसी ने सुध नहीं ली। माधवपुरम सेक्टर-1 स्थित मकान नंबर 1185 में चंचल अग्रवाल का परिवार रहता है। चंचल और आसपास के लोगों ने अमर उजाला को कॉल पर अपनी समस्या बतायी। इनका कहना है कि एक सप्ताह से अधिक समय से पाइप लाइन के पानी में कीड़े और गंदगी आ रही है। जिसकी शिकायत उन्होंने नगर निगम के कर्मचारियों से भी की थी। वह देखने भी आए थे, लेकिन पाइप लाइन ठीक नहीं की।
इनका कहना है कि हमने अपने मकान के अंदर की पाइप को भी उखड़वाकर ठीक करा लिया। लेकिन बाहर से आने वाली पाइप लाइन से कीड़े आने बंद नहीं हुए हैं। नगर निगम का कोई अधिकारी या कर्मचारी सुनता ही नहीं है। इस संबंध में महाप्रबंधक जल एसके सिन्हा का कहना है कि शिकायत हमारे पास नहीं आयी है। अगर पाइप लाइन से पानी के साथ कीड़े आ रहे हैं तो गंभीर है। इसे दिखवाया जाएगा।