हिंडन नदी की जलधारा को निर्मल बनाने की मुहिम रंग लाने लगी है। कमिश्नर डॉ. प्रभात कुमार की अगुवाई में बागपत और मेरठ जिले में स्वच्छता अभियान चलाया गया। पांच सौ कर्मचारियों के अलावा आमजन ने भी सहयोग किया। कमिश्नर को खुद पानी में घुसकर सफाई करते देख अधिकारी भी स्वच्छता मुहिम में कूद पड़े। डॉ. प्रभात कुमार ने कहा कि आमजन के सहयोग से नदी को निर्मल बनाया जाएगा। लोग नदी को गंदा न करें और गंदा करने वालों को भी स्वच्छता के लिए प्रेरणा देने का काम करें।
पृथ्वी दिवस पर रविवार को निर्मल हिंडन अभियान का पुरा महादेव गांव से शुभारंभ हुआ। सुबह सात बजे से ही सफाई कर्मचारियों का जत्था पहुंचना शुरू हो गया था। कमिश्नर के नेतृत्व में करीब 500 सफाई कर्मचारियों के अलावा एडीएम लोकपाल सिंह, डीपीआरओ संजय यादव और गांव के सहायक विकास अधिकारी, बीडीओ नदी की सफाई में जुट गए। कमिश्नर ने खुद स्वच्छता का जिम्मा संभाला। वह नदी के प्रदूषित और बदबूदार पानी में सफाई करने उतर गए। पीछे-पीछे पूरी टीम नदी में उतर गई। उन्होंने जलकुंभी को बाहर निकाला। काफी देर तक नदी में ही अभियान के तहत कार्य में जुटे रहे।
कमिश्नर ने कहा कि हिंडन को उसके पुराने स्वरूप में वापस लौटाने के उद्देश्य से यह निर्मल हिंडन अभियान चलाया जा रहा है। मेरठ, बागपत, गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर और शामली में भी अभियान के तहत कार्य किया जाएगा। जिला और ग्राम स्तर पर हिंडन समितियों का गठन किया गया। प्रशासनिक अधिकारियों और ग्राम प्रधानों के दायित्वों का निर्धारण कर दिया गया। मंडलायुक्त ने पृथ्वी दिवस के अवसर पर डीएफओ अरुण कुमार को निर्देश दिए कि हिंडन नदी के किनारे युद्ध स्तर पर पौधरोपण किया जाए। हिंडन नदी का किनारा हरियाली से हरा भरा रहे और वातावरण शुद्ध रहे। उन्होंने नदी क्षेत्र में पौधरोपण करवाया गया। डीडीओ हुब लाल, एसडीएम बागपत अन्नपूर्णा गर्ग, डीपीआरओ संजय कुमार यादव, तहसीलदार राजबहादुर सिंह, ईओ ललित कुमार आर्य शामिल रहे।
सात से 12 बजे तक नियमित होगी सफाई
बालैनी। निर्मल हिंडन अभियान के तहत अब एक सप्ताह तक लगातार हिंडन की सफाई होगी। बागपत एसडीएम अन्नपूर्णा गर्ग ने बताया कि सुबह सात बजे से 12 बजे तक नगर पंचायत और जिला पंचायत के सफाई कर्मचारी नियमित सफाई करेंगे। जेसीबी मशीनों से भी सफाई कराई जाएगी। इसके लिए कार्ययोजना तैयार हो गई और संबंधित नगर पंचायत और डीपीआरओ को निर्देश जारी हो चुके हैं।
एनजीओ और प्रधानों का भी रहा सहयोग
बालैनी। इस अभियान में कई एनजीओ भी जुड़ गए हैं। नदी क्षेत्र में पड़ने वाले गांव के प्रधान और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी मंडलायुक्त के साथ सफाई की। मंडलायुक्त के जज्बे को देखकर उनकी सभी लोग सराहना कर रहे थे।
हाइवे पर रुक गए वाहन, मदद के लिए बढ़े हाथ
बालैनी। हिंडन नदी की सफाई करते आयुक्त डॉ. प्रभात और उनकी टीम को काम करते देखकर आते जाते लोग भी यहां रुक गए। हिंडन के दोनों छोर पर लोगों की भीड़ को देखकर आसपास के किसान और राह चलते लोग मौके पर पहुंच गए। मेरठ-बागपत मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों ने भी वाहनों को रोक-रोककर जानकारी ली। स्वच्छता अभियान की हर किसी ने प्रशंसा की।
नदी के दोनों तरफ चला अभियान
बागपत। नदी के एक तरफ बागपत है तो दूसरी तरफ मेरठ। अभियान दोनों ही तरफ चला। नगर निगम मेरठ की टीम भी इसमें शामिल रही। करीब 300 मीटर लंबाई में नदी की सतह को साफ किया गया। एडीएम प्रशासन मेरठ सत्यप्रकाश पटेल, अपर नगर आयुक्त अली हसन कर्नी, नीर फाउंडेशन के रमन त्यागी, क्लीन मेरठ के अमित अग्रवाल, नीरज कांत, रालोद नेता सुनील रोहटा, मयंक अग्रवाल, समीर कोहली, संजय रस्तोगी, अमरदत्त शर्मा महावीर प्रसाद, अदिति चौधरी, लंदनतोड़ परिवार से अंकुर शर्मा, राजीव शर्मा आदि मौजूद रहे।
सावन में होगा विशेष जलार्पण
मेरठ। आयुक्त डॉ. प्रभात कुमार के मुताबिक श्रावण मास की कांवड़ यात्रा तक पुरा महादेव में हिंडन तट को बदल दिया जाएगा। इसे पूरी तरह से साफ किया जाएगा। साथ ही सभी शिवभक्तों से भी आह्वान किया जाएगा कि देवाधिदेव पर जलार्पण करने के बाद हिंडन में भी जर्लापण करें। यहां लाखों शिवभक्त आते हैं। ऐसे में इस हिंडन क्रांति का संदेश दूर तक जाएगा।