सौभाग्य योजना से रोशन होगा हर घर: अनिल ढींगरा
मेरठ। जिलाधिकारी अनिल ढींगरा ने कहा कि प्रदेश व केंद्र सरकार का सपना है कि प्रदेश का हर घर प्रकाश मय हो, इसी उद्देश्य से सौभाग्य योजना प्रारंभ की गई है। उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिये कि सौभाग्य योजना के अंतर्गत अभियान चलाकर हर घर में विद्युत कनेक्शन उपलब्ध कराएं। एक कार्ययोजना बनाकर जनपद के जर्जर तारों को बदलें, जिस भी क्षेत्र में विद्युत संबंधी कोई अव्यवस्था है तो उसे तत्काल दुरुस्त कराएं। उन्होंने घंटाघर से रेलवे रोड तक की विद्युत लाइनों को अंडरग्राउंड कर एक मॉडल के रूप में विकसित करने की भी बात कही।
बचत भवन सभागार में प्रधानमंत्री सहज बिजली हर घर योजना (सौभाग्य योजना) की समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि शासन द्वारा दिसंबर 2018 तक 98,266 घरों को सौभाग्य योजना से रोशन करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस योजना के तहत ग्रामीण एवं शहरी गरीब परिवारों को निशुल्क विद्युत कनेक्शन दिया जाएगा। बीपीएल परिवारों को बिजली किट भी उपलब्ध कराई जाएगी। इसमें केबल, एमसीबी, बल्ब, एक एलईडी होगी। उन्होंने बताया कि सामान्य परिवारों को भी संयोजन देते समय विद्युत किट भी उपलब्ध कराई जाएगी, परंतु इसके बदले में 500 रुपये जोड़ दिए जाएंगे। जिसे 50 रुपये मासिक की दस समान किस्तों में बिल के साथ जोड़कर प्राप्त किया जाएगा।
मुख्य विकास अधिकारी आर्यका अखौरी ने बताया कि जनगणना 2011 के आधार पर जनपद में 675 ग्राम हैं, जिसमें 2,75319 हाउस होल्ड है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में 2,44,914 घरो में विद्युत के वैध संयोजन है। मार्च 2018 तक कुल 11597 संयोजन निर्गत करने का लक्ष्य रखा गया है, जिसके सापेक्ष 13428 आवेदन पत्र प्राप्त हो चुके हैं तथा 8645 घरों को विद्युत कनेक्शन दिए जा चुके हैं। इस अवसर पर अधीक्षक अभियंता विद्युत ग्रामीण एके सिंह, नगरीय आईपी सिंह, अधिशासी अभियंता ग्रामीण अजय गर्ग, अधिशासी अभियंता नगरीय सहित सांसद प्रतिनिधि हर्ष गोयल आदि मौजूद रहे।
खास बातें:
जिलाधिकारी ने प्रधानमंत्री सहज बिजली हर घर योजना पर दिए निर्देश
मॉडल के रूप में विकसित होगी घंटाघर से रेलवे रोड तक की विद्युत लाइन