बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान शुरू
मेरठ। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर सोमवार को चार दिवसीय बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ कार्यक्रम विकास भवन सभागार में शुरू हुआ। इसमें विचार गोष्ठी का आयोजन हुआ। वहीं लघु नाटिका के माध्यम से बेटियाें की महत्ता को भी बताया गया। जादूगर वी सम्राट ने मनोरंजन कर जनजागरण अभियान शुरू कराया। उनकी वैन को विकास भवन परिसर से रवाना किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि पूर्व एमएलसी डा. सरोजनी अग्रवाल ने किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि वैदिक काल से ही महिलाओं को पूजा जाता रहा है, लेकिन समाज में पुरुष प्रधान सोच के कारण महिलाओं को वो सम्मान व स्थान नहीं मिल पाया, जिसकी वह हकदार हैं। उन्होंने कहा कि समाज को बेटी के असल महत्व के प्रति जागरूक होना होगा। मुख्यमंत्री ने भी भ्रूण हत्या को रोकने तथा लिंग जांच करने व कराने वालों पर कार्रवाई के लिए मुखबिर योजना शुरू की है। सीडीओ आर्यका अखौरी ने कहा कि आज गिरता लिंग अनुपात चिंता का विषय है। यह मंथन का विषय है कि भ्रूण हत्या जैसे अनैतिक कार्य को लोग नहीं राेंकेंगे तो समाज कैसे बढे़गा। हमें बेटा और बेटी के प्रति अपनी मानसिकता से ऊपर उठकर उनको एक समान अवसर प्रदान करना होगा।
इस अवसर पर महिलाओं के लिए सचांलित योजनाओं, कार्यक्रमों तथा महिला सुरक्षा एवं कार्य स्थल पर यौन उत्पीड़न, पाक्सो अधिनियम 2012, घरेलू हिंसा एवं 181 महिला हेल्पलाइन, महिला एवं बालिका सुरक्षा एवं अधिनियम पर सामूहिक चर्चा एवं विशेषज्ञों द्वारा अपने विचार प्रस्तुत किये गये। सीडीओ ने बताया कि आज शुरू हुए कार्यक्रम 30 मार्च तक चलेंगे। इसमें वाद विवाद, निंबंध आदि प्रतियोगिताएं होंगी। कार्यक्रम में कस्तूरबा गांधी विद्यालय की छात्राओं ने लघु नाटिका पेश की। इस दौरान एडीएम सिटी मुकेश चंद्र, डीएफओ अदिति शर्मा, शिक्षिका डा. कौसर जहां, जिला प्रोबेशन अधिकारी श्रवण कुमार गुप्ता, सीएमओ डा. राजकुमार, जिला विकास अधिकारी अतुल मिश्रा, एआरटीओ श्वेता शर्मा, जिला कार्यक्रम अधिकारी ज्ञान प्रकाश तिवारी, डीएसटीओ अजया चौधरी, संगीता श्रीवास्तव, साधना श्रीवास्तव, अनिता राणा, डा. हिमानी अग्रवाल आदि मौजूद रहे।
खास बातें:
विकास भवन में गोष्ठी का आयोजन, जादूगर ने मनोरंजन कर बताई बेटियों की महत्ता