हाइवे से धार्मिक स्थल हटवाने को जनहित याचिका दायर
नेशनल हाइवे 58 पर पिछले छह साल से बाधा बने धार्मिक स्थलों के न तोड़े जाने पर सच संस्था के अध्यक्ष डा. संदीप पहल एडवोकेट ने हाईकोर्ट में जनहित याचिका दायर की है। जिसे स्वीकार करते हुए हाईकोर्ट ने सभी सात प्रतिवादियों को नोटिस जारी किये हैं।
डा. संदीप पहल ने याचिका दायर करते हुए कहा कि नेशनल हाइवे 58 पर मेरठ से मुजफ्फरनगर के बीच चौड़ीकरण का काम धार्मिक स्थलों के कारण अटका हुआ है। जबकि इन धार्मिक स्थलों को तोड़े जाने के लिए 2009 से एनएचएआई जिला प्रशासन से पत्र व्यवहार कर रहा है, लेकिन अभी तक इन धार्मिक स्थलों को हटाया नहीं गया है। संदीप पहल ने इन धार्मिक स्थलों को लेकर आरटीआई में प्राप्त सूचना का भी हवाला दिया गया है, जिसमें यह धार्मिक स्थल सरकारी जमीनों पर कब्जा कर बनाये हुए हैं। संदीप पहल ने भारत सरकार, प्रदेश सरकार के साथ ही मंडलायुक्त, जिलाधिकारी, एसएसपी, एनएचएआई दिल्ली के साथ ही एनएचएआई के परियोजना अधिकारी को प्रतिवादी बनाया है।