स्थानीय निकाय चुनाव की मतगणना को लेकर शुक्रवार को शहर में रूट डायवर्जन रहेगा। दिल्ली रोड पर कु़छ स्थानों पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित की गई है।
सदर तहसील के निकट जली कोठी पर मतगणना को देखते हुए रूट डायवर्जन किया गया। एसपी ट्रैफिक संजीव बाजपेई ने बताया कि सभी प्रकार के भारी एवं चार पहिया वाहन रोडवेज बस अड्डे से जली कोठी चौराहे की तरफ नहीं जाएंगे। यहीं से रूट डायवर्जन कर दिया जाएगा। सभी प्रकार के वाहन जली कोठी से भैसाली बस अड्डे की तरफ नहीं जाने दिए जाएंगे।
दिल्ली और गाजियाबाद की तरफ से आने वाली रोडवेज बसें जिन्हें भैसाली बस अड्डे पर जाना है। वे रेलवे रोड चौराहे से जैननगर, रैम कैं टीन के सामने से औघड़नाथ मंदिर और नैंसी चौराहे से लाल क्वार्टर तिराहा, रजबन पेट्रोल पंप से जीरो माइल के रास्ते बेगमपुल होकर भैसाली जा सकेंगी। भैसाली बस अड्डे से गाजियाबाद और दिल्ली की तरफ जाने वाली सभी रोडवेज की बसें बेगमपुल, जीरो माइल, रजबन पेट्रोल पंप, नैंसी चौराहा, औघड़नाथ मंदिर, रैम कैंटीन से जा सकेंगी। रूट डायवर्जन सुबह पांच बजे से मतगणना की समाप्ति तक प्रभावी रहेगा।