संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। सदर बाजार थाना क्षेत्र स्थित बर्तन की दुकान पर ग्राहक बनकर आए युवक ने दुकानदार विनोद जैन को बातों में उलझाकर गल्ले में रखे 82 हजार रुपये चोरी कर लिए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जैन नगर निवासी विनोद कुमार जैन की सदर बाजार में पिंडी बर्तन स्टोर नामक दुकान है। उन्होंने बताया कि 24 जून की दोपहर करीब 12 बजे वह दुकान पर अकेले बैठे थे। इसी दौरान एक युवक ग्राहक बनकर आया और बर्तन खरीदने की बात कहने लगा। युवक ने पहले बर्तन देखे और फिर कहा कि उसे भात में देने के लिए साफ-सुथरे नोट चाहिए। इस पर दुकानदार ने उसे नोट दिखाए। इसके बाद युवक ने दो बड़े ड्रम दिखाने को कहा। जैसे ही दुकानदार ड्रम निकालने के लिए पीछे मुड़कर सीढ़ी पर चढ़े, आरोपी ने मौके का फायदा उठाकर पास में रखी नकदी और गल्ले से करीब 82 हजार रुपये चोरी कर भाग गया। घटना का पता चलने पर दुकानदार ने पुलिस को सूचना दी। एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
-