पेट्रोल पंप के लुटेरों को ढूंढने में छूटे पुुलिस को पसीने
- आईजी रेंज के नेतृत्व में पांच टीमें गठित, एसटीएफ भी लगाई
अमर उजाला ब्यूरो
मेरठ। गाजियाबाद से डस्टर गाड़ी लूटने के बाद बुलंदशहर के गुलावठी और मेरठ में परतापुर हाईवे पर चौधरी पेट्रोल पंप लूटने वाले बदमाशों को ढूंढने में पुलिस के पसीने छूट गए हैं। तीनों जिलों की क्राइम ब्रांच के साथ मेरठ और नोएडा एसटीएफ को भी लगाया गया। पुलिस ने कई बदमाशों के गैंग का रिकार्ड खंगाला है। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखकर बदमाशों की पहचान करने का प्रयास किया गया है, लेकिन पुलिस को सफलता नहीं मिली।
सोमवार को लखनऊ तक मामला गूंजने पर आईजी मेरठ रेंज रामकुमार ने पुलिस की पांच टीमें गठित की। मेरठ, गाजियाबाद व बुलंदशहर जिले की क्राइम ब्रांच लुटेरों की तलाश में लग गई। पुलिस का कहना है कि सर्विलांस टीम ने घटनास्थलों से बीटीएस भी उठाया था। जिसकी अभी छानबीन चल रही है। बदमाशों की तलाश में सोमवार को मेरठ रेंज के छह जनपदों की पुलिस ने घटनास्थलों को निरीक्षण किया, लेकिन सफलता नहीं मिली।
खुली चुनौती देकर कहां भागे बदमाश
बदमाशों ने पुलिस को खुली चुनौती दी। मेरठ शहर में रविवार सुबह से रात तक बदमाश लूट की वारदात पर वारदात करते रहे और पुलिस लकीर पीटती रही। पुलिस ने संदिग्ध कई अपराधियों को उठाकर पूछताछ की है। लेकिन सफलता नहीं मिली। पुलिस का दावा कि फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान जल्द होगी। तीन बदमाश गाजियाबाद के बताए गए है।
38 लोगों से हो चुकी है पूछताछ
मेरठ और गुलावठी में पेट्रोल पंप लूट के मामले में पुलिस 38 लोगों को उठाकर पूछताछ कर चुकी है। शातिर पुराने अपराधियों को रिकार्ड भी खंगाला है। पुलिस का दावा है कि कई गैंगों पर काम चल रहा है। फुटेज में कई चेहरे दिखे तो हैं, लेकिन साफ नहीं है। पुलिस अभी जांच पड़ताल करने में जुटी है। पेट्रोल पंप के अलावा भी अन्य कई जगहों से सीसीटीवी कैमरे की फुटेज जुटाई है।
डस्टर लूट पर नहीं जागी पुलिस
पुलिस ने बताया कि नौ मई को गाजियाबाद के मसूरी से डस्टर गाड़ी लूटी थी। डस्टर से बदमाशों ने गुलावठी और परतापुर स्थित पेट्रोल पंप पर लूट की। गाजियाबाद पुलिस थोड़ी एक्टिव हो जाती तो बदमाशों की गिरफ्तारी हो सकती थी। बेखौफ बदमाश लूट की डस्टर लेकर मेरठ रेंज के जनपदों में वारदात कर रहे है और पुलिस को भनक तक नहीं है।
कई बदमाश रडार पर
कई बदमाश पुलिस के रडार पर हैं। संदिग्ध बदमाशों से पूछताछ भी जारी है। लूट की डस्टर से दो पेट्रोल पंपों पर बदमाशों ने वारदात की है। जल्द ही वारदात का खुलासा होगा। -रामकुमार वर्मा, आईजी रेंज मेरठ