अपहृत युवती शादी कर थाने पहुंची
सरधना। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव से करीब 12 दिन पूर्व अपहृत युवती शादी करके शनिवार को प्रेमी संग थाने पहुंच गई। इसकी जानकारी पाकर युवक-युवती के परिजन भी थाने पहुंच गए। यहां उनमें कहासुनी हो गई। पुलिस ने किसी तरह दोनों पक्षों को शांत किया। हालांकि बाद में दोनों पक्षों ने युवक-युवती के एक साथ रहने पर सहमति जता दी। वहीं, पुलिस ने युवती को उसके प्रेमी के साथ जाने की इजाजत दे दी।
गांव निवासी व्यक्ति ने बीती दो मई को कोतवाली में अपनी 19 वर्षीय पुत्री के अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया था। उसने बताया कि कंकरखेड़ा स्थित आलू के गोदाम पर उसकी पुत्री काम करने जाती थी। वहां राजस्थान के जनपद सीकर अंतर्गत गांव कोटपुतली निवासी रविंद्र पुत्र कबूल चंद भी काम करता था। वह बीती तीस अप्रैल को उसकी पुत्री का अपहरण कर ले गया। इस पर पुलिस ने युवती के पिता की तहरीर पर अपहरण का मुकदमा दर्ज किया और युवती की तलाश में पुलिस जुट गई। वहीं, मुकदमा दर्ज कर आरोपी रविंद्र की तलाश में दबिश दी। इस पर युवती शनिवार को प्रेमी संग थाने आ गई और खुद को बालिग बताते हुए उससे शादी कर लेने की जानकारी दी। उसने परिजनों एवं पुलिस को बताया कि उसका अपहरण नहीं हुआ बल्कि वह अपनी मर्जी से गई थी। वहीं, युवती ने युवक के साथ जाने की इच्छा जताई। इस पर दोनों के परिजनों ने एक साथ रहने पर सहमति जता दी। वहीं, युवक के परिजनों ने कहा कि वे रीति रिवाज के मुताबिक जल्द शादी कर युवती को अपने घर ले जाएंगे। एसएसआई अमित कुमार ने बताया कि दोनों पक्ष में बयान दर्ज होने के बाद ही मुकदमा खत्म किया जा सकेगा। युवती ने स्वयं को बालिग बताया। वह अपनी मर्जी से रविंद्र के साथ गई थी।