अल्ट्रासाउंड को लेकर वार्ड ब्वॉय-चिकित्साधिकारी भिड़े
- जिला अस्पताल की घटना, लिखित शिकायत की गई
- अल्ट्रासाउंड को लेकर रहती है मारामारी
अमर उजाला ब्यूरो
मेरठ। जिला अस्पताल में अल्ट्रासाउंड को लेकर मारामारी रहती है। तारीख मिलती है। अभी तक मरीजों के लिए ही यह परेशानी का सबब है, लेकिन अस्पताल के वार्ड ब्वॉय को भी जब तारीख मिली तो हंगामा हो गया। वार्ड ब्वॉय और अल्ट्रासाउंड करने वाले चिकित्साधिकारी आपस में भिड़ गए। मामला प्रमुख अधीक्षक और देहली गेट पर पुलिस तक पहुंचा। अब मामले की जांच चल रही है।
रेडियोलॉजिस्ट डॉ. संजीव कुमार का कहना है कि शुक्रवार सुबह 11 बजे वार्ड ब्वॉय राकेश मरीज को लेकर वहां पहुंचा। आरोप है राकेश ने बिना नंबर और रजिस्ट्रेशन के अपना नंबर लगवाने को कहा। जब राकेश को रजिस्ट्रेशन न होने की बात कहते हुए अगले दिन आने की बात कही तो वह भड़क गया। डॉ. संजीव का आरोप है कि वार्ड ब्वॉय राकेश ने उनके साथ गाली गलौज करते हुए उनका हाथ मोड़ दिया और जान से मारने की धमकी दे डाली।
दूसरी तरफ, वार्ड ब्वॉय राकेश का कहना है कि वह अल्ट्रासाउंड के लिए गया था। इमरजेंसी के तहत अल्ट्रासाउंड की जरूरत थी, इसलिए उसने डॉ. संजीव से प्रार्थना की थी। कहासुनी हुई थी, मगर गाली-गलौज और धमकी देने के आरोप बेबुनियाद हैं। वहीं, इस मामले में जिला अस्पताल के प्रमुख अधीक्षक डॉ. पीकेबंसल का कहना है कि दोनों पक्ष मेरे पास आए थे। अल्ट्रासाउंड को लेकर विवाद हुआ था। अस्पताल केडॉ. कौशिक को मामले की जांच सौंपी गई है। वह दोनों पक्षों केबयान लेंगे।