शहीदों की याद में कवियों ने किया काव्य संगोष्ठी का आयोजन
कंकरखेड़ा । पुलवामा में शहीद जवानों की याद में काव्य सागर साहित्यिक संस्था की ओर से रविवार को मेहंदी मोहल्ला स्थित आर्य समाज मंदिर में शहीदों के शौर्य को देश का सलाम काव्य संगोष्ठी का आयोजन किया गया।
अध्यक्षता संस्था के अध्यक्ष डा. किरण सिंह ने व संचालन राधे श्याम वशिष्ठ ने किया। नम आंखों से सभी ने शहीदों को श्रद्धांजलि दी। मुख्यातिथि भारत बन्धु रस्तोगी व विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ कवि जेपी गुप्ता, भीष्म सिंह आर्य, बलजोर सिंह चिंतक व डॉ. मीनाक्षी शर्मा रहे। इस दौरान डॉ. किरण सिंह ने अपनी रचना में कहा कि आतंकवाद को खत्म करो, मिलकर कदम बढाइए, विश्व शांति, राष्ट्र एकता भारतवासियों को सिखलाए। नीतिश कुमार राजपूत ने कहा कि जिनसे महके धरा, महके सारा गगन, जिनके कारण बचा मेरा प्यारा वतन। दे गए जान जो अपनी हंसते हुए। उन शहीदों को है मेरा शत शत नमन।
अजीत कुमार अजीत, रामचन्द्र वैश्य, बलजोर सिंह चिंतक ने भी अपनी रचनाओं के माध्यम से शहीदों को श्रद्घांजलि दी। इस दौरान डॉ. अनीता त्यागी, डॉ. सरोजनी तन्हा, डॉ. युनुस खान, डॉ. मीनाक्षी, सरदार रतन सिंह रतन, डॉ. प्रदीप सरोहा डॉ. ईश्वर चंद गंभीर, गुरवचन सिंह दुग्गल, राजेन्द्र उमंग, धर्मपाल सिंह आदि मौजूद रहे।